GIRIJA  THAKUR

अंबिकापुर। पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने राजमाता देवेन्द्र कुमरी सिंहदेव मेडिकल कॉलेज, अंबिकापुर के निर्माण कार्य की पूर्णता हेतु अगामी बजट में 109 करोड़ रुपये का प्रावधान करने हेतु प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र प्रेषित किया है। इस विषय में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मौखिक चर्चा के उपरांत सिंहदेव ने 13 दिसंबर को उन्हें पत्र प्रेषित किया। सिंहदेव जब छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष थे तब उनके प्रयास से वर्ष 2016 में अंबिकापुर में मेडिकल कॉलेज की स्थापना हुई थी, जो अस्थायी भवनों में संचालित थी। मेडिकल कॉलेज की आधारभूत ढांचे की कमी के कारण भर्ती की दृष्टि से यहां दो बार जीरो वर्ष हुए। ऐसे में 2018 में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद बतौर स्वास्थय मंत्री टीएस सिंहदेव ने मार्च 2019 में मेडिकल कॉलेज के नवीन भवन की नींव रखी। इसका प्राथमिक बजट 374 करोड़ रुपये था। कोविड महामारी और मेडिकल कॉलेज के नवीन चिकित्सालय भवन की भूमि को लेकर चले न्यायालयीन प्रकरण के कारण मेडिकल कॉलेज का निर्माण विलंबित हुआ। निर्माण में विलंब के साथ ही अंबिकापुर के मेडिकल कॉलेज में अतिरिक्त सुविधाओं को जोड़ने के कारण मेडिकल कॉलेज की लागत 374 करोड रुपये से बढकर 483 करोड रुपये हो गई। इसी वर्ष सात जुलाई को मेडिकल कॉलेज भवन, छात्रावास के सात ब्लॉक, आवासीय परिसर सहित कंेद्रीकृत रसोई आदि के भवनों का लोकार्पण हुआ था। यहां विधिवत कक्षाएं प्रारंभ हो गई थी। मेडिकल कॉलेज का 500 बिस्तर का नवीन चिकित्सालय भवन अभी भी अपूर्ण है, इसका लगभग 65 प्रतिशत कार्य ही पूर्ण हो पाया है। इसे पूर्ण करने हेतु करीब 109 करोड़ रुपये की आवश्यकता है। क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दृष्टि से 500 बिस्तर के इस अस्पताल भवन की पूर्णता की आवश्यकता को समझते हुए सिंहदेव ने शपथ के दिन ही छत्तीसगढ़ के नए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से चर्चा उपरांत उन्हें पत्र प्रेषित कर दिया है। पत्र के साथ ही उन्होंने मेडिकल कॉलेज भवन के बजट से संबंधित पुनरिक्षित प्रस्ताव की प्रति भी संलग्न कर प्रेषित कीा है और उम्मीद जताई है कि नई सरकार भी अंबिकापुर और सरगुजा अंचल के इस विशिष्ट मांग पर सहानूभूतिपूर्वक विचार करेगी।

Categorized in: