बिश्रामपुर। व्यवसायी व उसके पुत्र का अश्लील फोटो को वायरल करने की धमकी देकर डेढ़ लाख रुपए की मांग करने वाले आरोपी को पुलिस ने बिहार राज्य से गिरफ्तार कर न्यायालय पेश कर दिया है। बिश्रामपुर पुलिस ने बताया कि करीब डेढ़ वर्ष पूर्व रेलवे स्टेशन बिश्रामपुर निवासी प्रार्थी सुभाष अग्रहरि व उसके पुत्र के मोबाईल फोन नंबर व ईमेल आईडी को हैक करके अज्ञात व्यक्ति द्वारा फोन करके किसी अज्ञात महिला के साथ अश्लील फोटो प्रार्थी के मोबाईल पर भेजकर पैसे की मांग की गई थी। पुलिस ने बताया कि अज्ञात आरोपी द्वारा प्रार्थी से मोबाइल पर फोटो भेजने के सप्ताहभर पूर्व डेढ़ लाख रुपए की मांग की जा चुकी थी और रकम न देने पर अश्लील फोटो वायरल करने की बात कही गई थी। अश्लील फोटो आरोपी द्वारा प्रार्थी के मोबाईल फोन पर भेजे जाने उपरांत प्रार्थी ने 1 अगस्त 2022 को मामले की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई गई थी। मामले में पुलिस अधीक्षक आई कल्याण एलिसेला के निर्देश पर नई तकनीक साइबर सेल के सहयोग से पुलिस ने मामले के आरोपी बिहार के लखीसराय जिला अंतर्गत ग्राम वीरूपुर निवासी 30 वर्षीय संतोष कुमार पिता विपिन राम को बिहार से गिरफ्तार कर ले आई है। पुलिस द्वारा आज मामले में आरोपी के खिलाफ धारा 507, 387 व 67 ए आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय पेश कर दिया है। कार्रवाई में बिश्रामपुर थाना प्रभारी टीआई अलरिक लकड़ा, उपनिरीक्षक एसआर भगत, प्रधान आरक्षक अविनाश सिंह, आरक्षक दीपक सिंह, अखिलेश पांडेय, कुंदन सिंह व अन्य सक्रिय रहे।

Categorized in: