विधानसभा के शीतकालीन सत्र में सभी नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ दिलाएंगे

girija thakur

अंबिकापुर। सरगुजा संभाग के बलरामपुर जिला अंतर्गत रामानुजगंज विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक रामविचार नेताम को प्रोटेम स्पीकर बनाया गया है। नेताम नवनिर्वाचित विधायकों को विधानसभा में शपथ दिलाएंंगे। नेताम ने कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. अजय तिर्की को 29,663 वोट से परास्त किया है। विधानसभा का शीतकालीन सत्र 19, 20 और 21 दिसंबर को होगा, इसमें वे सभी नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ दिलाएंगे।
किसान परिवार से संबंध रखने वाले रामविचार नेताम प्रतिभा के धनी थे। इन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा अविभाजित सरगुजा के दूरस्थ ग्राम सनावल से शुरू की। रामचंद्रपुर से 8वीं बोर्ड की परीक्षा पास करने के बाद हाईस्कूल की पढ़ाई पूरी करने वे रामानुजगंज चले गए। रामानुजगंज छात्रावास में रहकर उन्होंने हाईस्कूल की पढ़ाई पूरी की थी। कॉलेज की पढ़ाई के लिए वे अंबिकापुर आए और यहां रहकर पढ़ाई पूरी की। इसके बाद बैंक में उनकी पदस्थापना हुई, लेकिन उन्होंने शिक्षक के रूप में सेवा देना पसंद किया। ग्रामीण क्षेत्र में रहते हुए उन्होंने कई परेशानियों को झेला और जनप्रतिनिधि के रूप में कार्य करते हुए कुछ अलग कर गुजरने की तमन्ना लिए भाजपा के कद्दावर नेता के रूप में ख्यातिलब्ध हुए। वे शिक्षक की नौकरी से त्यागपत्र देकर तत्कालीन पाल विधानसभा सीट से वर्ष 1990 में भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़े थे। इस चुनाव में उन्हें जनता ने उन्हें गले लगाया और जीत हासिल हुई थी। इस दौर में उनकी पहचान पाल के लाल-रामविचार नेताम के रूप में हुई। इसके बाद वर्ष 1993, 1998, 2003, 2008 में लगातार विधानसभा चुनाव में वे जीत हासिल करते रहे। वर्ष 2013 तक रामानुजगंज विधानसभा सीट से वे विधायक रहे। रामविचार नेताम वर्ष 1990 से लेकर 2013 तक विधायक रहे हैं। रामविचार नेताम को वर्ष 2004 में पहली बार आदिम जाति कल्याण विभाग व राजस्व विभाग के मंत्री का दायित्व मिला। वर्ष 2005 से 2008 तक गृह, जेल और सहकारिता विभाग के मंत्री रहे। लगातार 2013 तक पंचायत और ग्रामीण विकास विभाग विधि-विधायी कार्य समेत कई विभाग के मंत्री रहे। वर्ष 2016 से 2022 तक छत्तीसगढ़ से राज्यसभा के सांसद रह चुके हैं। इसके साथ ही भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ संगठनात्मक दायित्व भी उन्होंने बखूबी संभाला।

प्रोटेम स्पीकर का यह है दायित्व
नए सदस्यों को शपथ दिलाना, विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव कराना, फ्लोर टेस्ट का काम करना, स्थायी स्पीकर चुने जाने तक सदन की गतिविधियों को संचालित करना, सदन की कार्रवाई को सुचारू रूप से चलाने का कार्य भी प्रोटेम स्पीकर को ही करना होता है।

नेताम होंगे छठवें प्रोटेम स्पीकर
छत्तीसगढ़ सरकार की विधानसभा में अब तक पांच प्रोटेम स्पीकर रह चुके हैं। छठवीं विधानसभा के प्रोटेम स्पीकर रामानुजगंज विधायक व पूर्व मंत्री, राज्यसभा सदस्य रह चुके रामविचार नेताम होंगे। इसके पहले प्रथम विधानसभा में महेंद्र बहादुर सिंह, द्वितीय विधान सभा में राजेंद्र प्रसाद शुक्ल, तृतीय विधान सभा में बोधराम कंवर, चतुर्थ विधान सभा में सत्य नारायण शर्मा, पंचम विधान सभा में रामपुकार सिंह प्रोटेम स्पीकर का कार्यभार संभाल चुके हैं।

Categorized in: