सरगुजा रेंज के आईजी ने शहीद के पिता को अपने कार्यालय में आमंत्रित कर प्रदाय किया सम्मान

girija thakur

अंबिकापुर। अविभाजित जिला राजनांदगांव हाल-नवीन जिला मोहला-मानपुर-अं.चौकी के ग्राम परधोनी थाना मानपुर में आठ मई 2020 को नक्सलियों का बहादुरी के साथ मुकाबला करते हुए शहीद हुए उप निरीक्षक श्याम किशोर शर्मा को मरणोपरान्त राष्ट्रपति के पुलिस वीरता पदक से सम्मानित किया गया। 11 दिसंबर, सोमवार को पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय, सरगुजा रेंज में शहीद उप निरीक्षक श्याम किशोर शर्मा के पिता बृजमोहन शर्मा को ससम्मान आमंत्रित कर भारत सरकार से प्राप्त वीरता पदक पुलिस महानिरीक्षक अंकित गर्ग ने उन्हें प्रदाय किया। कार्यक्रम में अजीत ओगरे, उप पुलिस अधीक्षक नक्सल अभियान राजनांदगांव भी उपस्थित रहे।
बता दें कि घटना तिथि 08 मई 2020 को करीबन 07-08 नक्सलियों की उपस्थिति की सूचना पर थाना मानपुर से उप निरीक्षक श्याम किशोर शर्मा थाना प्रभारी मदनवाड़ा, उप निरीक्षक प्रवीण द्विवेदी थाना प्रभारी कोहका के नेतृत्व में जिला पुलिस बल के 28 अधिकारी-कर्मचारी ग्राम परधोनी की ओर सर्चिग हेतु रवाना हुए। पुलिस पार्टी सर्चिंग करते ग्राम परधोनी की ओर आगे बढ़ रही थी। करीबन 09.30 बजे रात में नक्सलियों ने पुलिस पार्टी को देखकर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस पार्टी द्वारा कारगर जवाबी कार्रवाई की गई। फायरिंग करीबन 15-20 मिनट चली। फायरिंग पश्चात घटनास्थल का सर्च किया गया। घटनास्थल से 04 नक्सलियों का शव एवं 01 एके-47 रायफल, 01 एसएलआर रायफल एवं 02 नग 12 बोर बंदूक बरामद किया गया। इस कार्रवाई में शहीद उपनिरीक्षक श्याम किशोर शर्मा ने अपनी जान की परवाह न करते हुये अदम्य साहस व वीरता का परिचय दिया था।

Categorized in: