क्रेडिट कार्ड की अंतर्राष्ट्रीय सेवाओं को बंद कराने के नाम पर 2.44 लाख की ठगी का मामला

अंबिकापुर। क्रेडिट कार्ड के अंतर्राष्ट्रीय सेवाओं को बंद करने के नाम पर ठगी के अंतर्राज्यीय आरोपी को गिरिडीह झारखंड से पकड़ने में सरगुजा पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में संयुक्त पुलिस टीम एक आरोपी को गिरफ्तार की है।

जानकारी के मुताबिक पियुष कुजूर पिता स्व. पितरूस सुखराम 46 वर्ष निवासी रघुनाथपुर, थाना लुंड्रा ने पुलिस चौकी रघुनाथपुर में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि 19 सितंबर 2023 को अज्ञात व्यक्ति ने फोन करके क्रेडिट कार्ड की अंतर्राष्ट्रीय सेवाओं को निरस्त कराने की बात कही। इनके झांसे में वह आ गया और मोबाइल एप्लीकेशन डाउनलोड करके ओटीपी भेजकर अलग-अलग ट्रांजेक्शन में कुल दो लाख 44 हजार 496 रुपये की ठगी कर ली। रिपोर्ट पर पुलिस ने थाना लुंड्रा में अपराध क्रमांक 109/23 धारा 420, 34 भादवि, 66(डी) आईटी एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया था। मामले को संज्ञान में लेकर पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के निर्देशन में आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार करने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुपलेश कुमार, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस सीतापुर राजेंद्र मंडावी, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस ग्रामीण अखिलेश कौशिक के नेतृत्व में संयुक्त टीम का गठन कर आरोपियों की तलाश की जा रही थी। विवेचना के दौरान आरोपी के संबंध में साइबर सेल से तकनीकी जानकारी प्राप्त करके संयुक्त टीम आरोपी की धरपकड़ के लिए गिरिडीह झारखंड रवाना हुई और आरोपी को रांची एयरपोर्ट से घेराबंदी करके पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मुकेश मंडल पिता रघुनाथ मंडल 31 वर्ष निवासी नगर केशवारी थाना सरिया, जिला गिरिडीह झारखंड के होने की जानकारी दी। आरोपी से घटना के संबंध में पूछताछ करने पर कमीशन के लालच में आकर अपना खाता खुलवाकर मामले में शामिल अन्य आरोपियों को प्रदान करने और ठगी करना स्वीकार किया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

एयर लाइन टिकट सहित इन सामानों की बरामदगी
आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 05 नग मोबाइल, 03 एटीएम कार्ड, आरोपी का 02 अलग-अलग आधार कार्ड, एक नग पैन कार्ड, ठगी में प्रयोग किए गए दस्तावेज, दो हजार रुपये नगद एवं एयर लाइन का टिकट बरामद किया गया है।

आरोपी की गिरफ्तारी में ये रहे सक्रिय
पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में की गई कार्रवाई में निरीक्षक अश्विनी सिंह, सहायक उपनिरीक्षक दिलीप दुबे, प्रधान आरक्षक सुधीर सिंह, आरक्षक राकेश एक्का, अरविन्द तिवारी, सुयश सिंह सक्रिय रहे।

Categorized in: