खाना नहीं बनाने पर डंडे से हमला कर सुलाया था मौत की नींद

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के बतौली थाना पुलिस ने पत्नी की हत्या के मामले में आरोपी पति को 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पति ने खाना नहीं बनाने की बात पर नाराज होकर आवेश में पत्नी की हत्या की गई थी। पुलिस ने आरोपी के निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त डंडा जब्त किया है।

जानकारी के मुताबिक बतौली थाना क्षेत्र के बांसाझाल माझापारा निवासी कुंवर साय कोरवा पिता शीतल साय 33 वर्ष ने रिपोर्ट दर्ज कराया था कि उसका भाई सुखदेव कोरवा एवं उसकी पत्नी संतरी बांसाझाल में निवास करते हैं। 29 नवंबर की शाम को उसका भाई सुखदेव अपनी पत्नी को आग जलाकर खाना बनाने के लिए बोला लेकिन वह खाना नहीं बनाई। इस बात से नाराज होकर सुखदेव ने आवेश में आकर पत्नी संतरी के साथ डंडा से मारपीट करते हुए उसे गंभीर चोट पहुंचाया था, जिससे 30 नवंबर को अलसुबह उसकी मृत्यु हो गई। रिपोर्ट पर थाना बतौली में धारा 302 भादवि का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। पुलिस अधीक्षक सरगुजा सुनील शर्मा नेे आरोपी को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए थे और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुपलेश कुमार, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस सीतापुर राजेंद्र मंडावी के नेतृत्व में पुलिस टीम को अग्रिम कार्रवाई करने की जिम्मेदारी दी थी। जांच विवेचना में गली पुलिस टीम आरोपी सुखदेव कोरवा पिता शीतल साय 32 वर्ष को हिरासत में लेकर घटना के संबंध में पूछताछ की तो उसने खाना बनाने की बात को लेकर हुए विवाद के बाद आवेश में आकर पत्नी की हत्या करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त डंडा जब्त किया गया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी बतौली उप निरीक्षक सीपी तिवारी, सहायक उप निरीक्षक संजय नाथ तिवारी, शिवमन कौशिक, प्रधान आरक्षक  देवशरण सिंह, महिला आरक्षक पूनम पैकरा, मेरी तिर्की, अंजेला, आरक्षक एहसान फिरदौसी, राजू कुजूर, राजेश खलखो पंकज लकड़ा, विजय सोनवानी, भगलू पैकरा, अशोक भगत शामिल रहे।

Categorized in: