बिश्रामपुर। ठेका श्रमिकों को अचानक काम से बैठाने एवं अन्य मांगों को लेकर श्रमिक संगठन एटक द्वारा केतकी भूमिगत खदान में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन आंदोलन किया गया। आंदोलन में केतकी खदान में काम से बैठाए गए सभी ठेका श्रमिकों के साथ संगठन के कामरेड अजय विश्वकर्मा के मार्गदर्शन व कामरेड पंकज गर्ग के नेतृत्व में आंदोलन किया गया।आंदोलन में सभी को संबोधित करते हुए कामरेड अजय विश्वकर्मा ने कहा कि एसएमएस कंपनी द्वारा खदान में कार्यरत मजदूरों को तय मजदूरी कम वेतन का भुगतान किया गया है। वेतन पर्ची, सीएमपीएफ संबंधी गड़बड़ी को लेकर जब ठेका श्रमिकों द्वारा पूर्ण भुगतान के साथ अन्य सुविधाओं को लेकर मांग की गई तो उन्हें काम से बैठा दिया गया, जिसका संघ घोर विरोध करती है। साथ ही संगठन द्वारा एसएमएस कंपनी को आगाह करते हुए कहा गया है कि तत्काल बैठाए गए कामगारों को वापस लिया जाए। इसके अलावे उक्त अवधि का कम भुगतान हुए वेतन का एरियर भुगतान किया जाए। हाई पावर कमेटी द्वारा तय मजदूरी का भुगतान किया जाए। सीएमपीएफ संबंधी रिकॉर्ड को दुरुस्त करते हुए सभी कामगारों को विवरण प्रदान किया जाए। अगर  एसईसीएल प्रबंधन एवं एसएमएस प्रबंधन द्वारा उक्त मांगों पर तत्काल विचार नहीं किया जाता है तो तीन दिवस पश्चात 27 नवंबर 2023 को महाप्रबंधक कार्यालय के समक्ष धरना प्रदर्शन आंदोलन कर विरोध दर्ज कराया जाएगा। आंदोलन के दौरान पंकज गर्ग, राजेश सिंह, केके सिंह, आरके द्विवेदी, आशीष पांडेय, नरेंद्र यादव, बेनुगोपाल सिंह ने भी संबोधित कर अपनी बात रखी।

Categorized in: