बस में बैठकर अन्यत्र भागने की फिराक में था आरोपी

बलरामपुर। वाड्रफनगर क्षेत्र के ग्राम मदनपुर में चरित्र संदेह पर पत्नी को जिंदा जलाने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी अपनी पत्नी नेहा 28 वर्ष का हाथ-पैर बांधकर जिंदा जलाकर मारने की कोशिश जैसा कृत्य करने के बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती पत्नी की देखभाल के नाम पर उसके जिंदा रहते तक मौजूद रहा। जैसे ही पत्नी के मौत की खबर मिली, वह मृतिका के मायके पक्ष के लोगों के बीच से फरार हो गया था।
बलरामपुर जिला पुलिस अधीक्षक ने पत्नी की नृशंस हत्या के आरोपी को गिरफ्तार करने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चन्देश सिंह ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस को आवश्यक निर्देश दिए थे। इसी क्रम में आरोपी पति रामप्रसाद अगरिया पिता सोहर साय उम्र 33 वर्ष निवासी मदनपुर के विरूद्ध चौकी वाड्रफनगर में धारा 302 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया था। अंबिकापुर से फरार हुए आरोपी को 23 नवंबर को मोरन चौक में पुलिस ने पकड़ा, जो बस से अन्यत्र फरार होने के फिराक में लगा था। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। बता दें कि आरोपी ने मृतिका से नौ वर्ष पहले प्रेम विवाह किया था। इनके दांपत्य जीवन के बीच दो बच्चियां हैं। आरोपी विवाह के कुछ वर्ष बाद से ही पत्नी को प्रताड़ित करते आ रहा था। इससे क्षुब्ध होकर वह अपने मायके में रह रही थी। दीवाली के समय आरोपी उसे मनाकर अपने घर ले गया था और दिल दहला देने वाली घटना को अंजाम दिया। आरोपी को गिरफ्तार करने में चौकी प्रभारी वाड्रफनगर उपनिरीक्षक डाकेश्वर सिंह, प्रधान आरक्षक संजीव कुमार सिंह व आरक्षक बजरंग सिंह सक्रिय रहे।

Categorized in: