बिश्रामपुर। एसईसीएल बिश्रामपुर क्षेत्र के आवासीय माईनस कॉलोनी निवासी एक युवक से साइबर ठग ने शेयर मार्केट में फायदा दिलाने का प्रलोभन देकर उससे एक लाख रुपए नगद की ठगी कर ली है। ठगी का एहसास होने के बाद युवक ने बिश्रामपुर थाना पहुंच पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। जानकारी के अनुसार एसईसीएल बिश्रामपुर क्षेत्र के आवासीय माईनस  कॉलोनी क्वार्टर नंबर 399 निवासी पंकज कुमार पिता असर्फी राय को कुछ दिनों पहले उसके मोबाईल में कॉल आया, जिसमें संबंधित व्यक्ति ने अपना नाम कुलदीप सिंह बताकर शेयर मार्केट में पंकज को ज्यादा फायदा दिलाने की बात कह ट्रेडिंग शुरू करने समझाया। सायबर ठग के झांसे में आकर पंकज ने हामी भर दी जिसके बाद ठगी का सिलसिला शुरू हुआ। सायबर ठग ने अब्दुल वहाब से मोबाइल पर परिचय कराया और ट्रेडिंग में बतौर पहली किस्त 10 हजार की राशि अब्दुल वहाब को गत 2 नवंबर को उसके कहने पर उसके एक्सिस बैंक खाता 028010100343282 में फोन पे से भेज दिया, जिसमें अब्दुल वहाब ने 8500 रुपए फायदा होने की जानकारी दी। फायदा सुनकर उत्साहित हुए पंकज रॉय ने दूसरे दिन ट्रेडिंग के लिए अब्दुल वहाब की मांग पर 31500 रुपए दे दिया, जिसमें उसे डेढ़ लाख रुपए फायदा होने की जानकारी दी गई। अगले दिन 3 नवंबर को ज्यादा महंगा ट्रेड के लिए सायबर ठग ने  56575 रुपए मांगा और रुपए ऑनलाइन मिलने के बाद दोनों सायबर ठग ने पंकज को बताया कि इस बार आपको नुकसान हो गया है। इतना सुनकर जब पंकज ने दोनों सायबर ठग से आईडी पासवर्ड की मांग की तब दोनों ठगों ने इधर उधर की बात कर बहाने बनाने लगे। जिसके बाद पंकज राय को ठगी का एहसास हुआ। पंकज ने बताया कि दोनों ठगों से घटना के बाद लगातार संपर्क का प्रयास करने के बाद उनके द्वारा कोई रिस्पांस नहीं देने के बाद आज उसने थाने पहुंच पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। सायबर ठग ने तीन किश्तों में उससे 97575 रुपए की ठगी की है। सायबर ठग द्वारा ऑनलाइन ठगी के आए दिन मामला सामने के बाद पुलिस भी खासी परेशान है। शासन प्रशासन स्तर पर समय-समय पर ऑनलाइन ठगी को लेकर जन जागरूकता अभियान चलाए जाने के बावजूद लोग ठगी के शिकार हो अपने जीवन की गाढ़ी पूंजी गवां रहे हैं। बताया जा रहा है कि ठगों द्वारा अपनी घटना को अंजाम देने के बाद मृत व्यक्तियों के खाते में राशि ट्रांसफर कर दी जाती है, जिस वजह से पुलिस को भी आरोपियों तक पहुंचने में खासी परेशानी का सामना करना पड़ जाता है।

Categorized in: