आईजी, कलेक्टर व एसपी ने किया हेलीपैड एवं सभा स्थल निरीक्षण, भौगोलिक स्थिति का लिया जाएगा

सभा स्थल का भाजपा नेताओ ने किया भूमि पूजन

दतिमा मोड़(अनूप जायसवाल)– प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी 7 नवंबर को सूरजपुर जिले के दतिमा जम्बूरी मैदान में आगमन को लेकर सुरक्षा एजेंसियों की सक्रियता बढ़ गई है। जिला प्रशासन से आयोजन स्थल की तैयारियों में जुटी संस्थाओं की जानकारी ली जा रही है। वहीं भाजपा ने भी प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में ज्यादा से ज्यादा भीड़ जुटाने के लिए ताकत झोंक दी है। इसके अलावा आयोजन स्थल पर विभिन्न कार्यों की जिम्मेदारी संभाले अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर कार्य करवा रहे हैं। वहीं प्रधानमंत्री मोदी के दौरे को लेकर भाजपाइयों में भी खासा उत्साह देखा जा रहा है। इसको लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। आयोजित भव्य सभा सरगुजा संभाग में भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाने के लिए दतिमा जम्बूरी मैदान में होगी। मोदी यहां भाजपा प्रत्याशियों के लिए जीत की अपील करेंगे। सभा में प्रदेश राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रमन सिंह, भाजपा सह प्रभारी नितिन नवीन, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव, संगठन महामंत्री पवन साय, रामसेवक पैकरा सहित अन्य भाजपा के दिग्गज नेता उपस्थित रहेंगे। दूसरी ओर शुक्रवार को जिलाध्यक्ष बाबूलाल अग्रवाल, भूलन सिंह मरावी, सत्यनारायण जायसवाल, दुर्गा गुप्ता, सूरज सेठी, राजेश यादव, रमेश गुप्ता, संतलाल प्रजापति, वरुण मरावी, ज्योति सिंह समेत भाजपा के दिग्गज नेताओं ने सभा स्थल पर पहुंचकर भूमि पूजन किया साथ ही छत्तीसगढ़ में भाजपा के द्वारा किये गए संकल्प पत्र जारी के बाद ग्राम पंचायत दतिमा में भाजपा के कार्यकर्ताओं द्वारा चौक पर पटाखा फोड़कर खुशी जाहिर की है।

हेलीपैड और सभा स्थल का आईजी, कलेक्टर व एसपी ने किया निरीक्षण

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन को लेकर सरगुजा आईजी अंकित गर्ग, सूरजपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसपी आई कल्याण एलिसेला सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने सभा स्थल पर बने पंडाल व मंच का निरीक्षण किया तथा उसके बाद मंच पर अधिकारियों के साथ मंत्रणा किया। उन्होंने सभा स्थल पर हो रहे काम को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए और हां बन रहे हेलीपैड का निरीक्षण किया। अधीनस्थ अफसरों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस-प्रशासन पीएम के दौरे को लेकर तैयारियों में जुटा है। आवश्यक स्थान पर सैकड़ों कर्मचारियों को लगाकर साफ-सफाई करा दी गई है। यहां पर उन्होंने पूर्व में बनाए गए हेलीपैड का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने ग्राउंड के चारों ओर घूमकर सुरक्षा और भौगोलिक स्थिति का जायजा लिया।

कार्यक्रम स्थल पर भाजपा जिलाध्यक्ष बाबूलाल अग्रवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री की सभा में अधिक से अधिक लोगों की भीड़ जुटाई जाएगी इसके लियए बूथ-बूथ में कार्यकर्ता जुट गए है। भाजपा इंटरनेट मीडिया पर प्रचार-प्रसार के साथ-साथ घर-घर जाकर लोगों को कार्यक्रम में शामिल होने का न्यौता दे रही है। दतिमा में पीएम मोदी की बड़ी सभा होने जा रही है। इसके लिए तैयारी तेज हो गई है। करीब एक लाख लोगों की भीड़ जुटाने का टारगेट है। मिशन 2023 की जनसभा का आयोजन किया गया है, जिसमें पीएम मोदी अपने अंदाज में चुनावी माहौल बनाएंगे औऱ बीजेपी कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाएंगे। 7 नवंबर को सुबह 9:45 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दतिमा मैदान में पहुंचेंगे। एक मुख्य मंच में प्रधानमंत्री, केंद्रीय मंत्री और सरगुजा संभाग के भाजपा प्रत्याशी बैठेंगे। दूसरा छोटा मंच प्रदेश के प्रमुख पदाधिकारियों, सांसदों, विधायकों और वरिष्ठ नेताओं के लिए बनाया जा रहा है।

छत्तीसगढ़ी वेशभूषा में होगा पीएम का स्वागत

भाजपा कार्यकर्ता छत्तीसगढ़ी वेशभूषा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत करेंगे। छत्तीसगढ़ी लोक नृत्य गीत और परंपरा के अनुसार पीएम का स्वागत किया जाएगा। सभा स्थल पर वीआईपी, मीडिया और आम लोगों के पहुंचने के लिए 12 गेट बनाए जा रहे हैं। कड़ी जांच के बाद पंडाल में प्रवेश दिया जाएगा।

Categorized in: