एक तरफ दिल्ली सरकार ने सर्दियों में प्रदूषण की रोकथाम को लेकर ऐक्शन प्लान जारी किया है दूसरी ओर वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (Commission for Air Quality Management, CAQM) ने शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में आपातकालीन सेवाओं की नौ महत्वपूर्ण श्रेणियों के लिए डीजल जनरेटर सेट के इस्तेमाल के लिए तीन महीने की राहत दी है। सनद रहे वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने पहले कहा था कि वायु प्रदूषण को कम करने के लिए हर सर्दियों में डीजल जनरेटर पर लगाया जाने वाले प्रतिबंध के दायरे में आवश्यक सेवाएं भी रहेंगी।

वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने एक बयान में कहा- आयोग ने आपातकालीन सेवाओं को बाधित न करने और उत्सर्जन नियंत्रण तंत्र को अपनाने के लिए अधिक समय की अनुमति देने के हित में एक बार अपवाद के रूप में, एनसीआर (राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र) में आपातकालीन सेवाओं के लिए सभी क्षमता श्रेणियों के डीजी (डीजल जनरेटर) सेट केवल 31 दिसंबर तक चलाने की अनुमति दी है। यह निर्णय निर्बाध बिजली आपूर्ति पर निर्भर क्षेत्रों के लिए राहत के रूप में आया है क्योंकि इससे डीजल जनरेटर सेट पर पूर्ण प्रतिबंध के लिए पहले निर्धारित की गई समयसीमा बढ़ गई है।

इस अस्थायी राहत से लाभान्वित होने वाली नौ श्रेणियों में लिफ्ट, एस्केलेटर और ट्रैवलेटर का उपयोग करने वाले वाणिज्यिक और आवासीय परिसरों के साथ-साथ महत्वपूर्ण चिकित्सा उपकरणों का उपयोग करने वाले अस्पताल और नर्सिंग होम जैसी चिकित्सा सुविधाएं शामिल हैं। मेट्रो सेवाओं, हवाई अड्डों और अंतरराज्यीय बस टर्मिनलों के साथ रेलवे सेवाओं और स्टेशनों को भी छूट दी गई है। अवजल शोधन संयंत्र, जल पंपिंग स्टेशन, राष्ट्रीय सुरक्षा से संबंधित राष्ट्रीय महत्व की परियोजनाएं और दूरसंचार, सूचना प्रौद्योगिकी और डेटा प्रबंधन से संबंधित सेवाएं भी डीजल जनरेटर सेट संचालित कर सकती हैं।

Categorized in: