बाहरी दिल्ली के मुंडका इलाके में दो सगे भाइयों ने शनिवार रात रोडरेज के दौरान कथित तौर पर एक बुजुर्ग महिला की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने महिला के पोते की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से आरोपी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में छापेमारी कर रही है।

शिकायतकर्ता कारोबारी प्रिंस गहलावत (32 वर्षीय) की इंद्रलोक में जूते-चप्पल बनाने की फैक्ट्री है। पीड़ित ने बताया कि वह शनिवार रात को काम खत्म कर कार से घर लौट रहा था। घर से कुछ दूरी पर सड़क पर पानी भरा था। इस दौरान उसकी कार गुजरी तो सामने से आ रही गाड़ी के अंदर पानी चला गया। कुछ दूर जाने के बाद कार सवारों ने पीछा कर प्रिंस को रुकने पर मजबूर कर दिया। उन्होंने प्रिंस से हाथापाई की और गालियां देनी शुरू कर दीं, तभी एसयूवी में उनके कुछ और दोस्त वहां आ गए।

एसयूवी सवार ने की हाथापाई : पीड़ित ने बताया कि माफी मांगने पर कार चालक तो चले गए, लेकिन एसयूवी सवार ने हाथापाई करनी शुरू कर दी। इस पर पीड़ित ने अपने नौकर रामू को फोन कर घटना की जानकारी देकर मौके पर बुलाया, तभी हमलवारों की तरफ से स्कूटी सवार युवक भी पहुंच गए।

पीड़ित की मां और चचेरे भाई को भी घायल किया

पीड़ित ने बताया कि प्रिंस के पिता शमशेर, मां नीलम, दादी सतवंती देवी और बुआ का बेटा हर्ष मौके पर पहुंच गए। हमलावरों ने सभी पर हमला कर दिया। जब सतवंती देवी ने अपनी उम्र का हवाला देते हुए हमलावरों को शांत होने की प्रार्थना की तो एक ने उन पर हमला कर दिया। करीब 10 मिनट तक मारपीट करने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

आरोपियों की तलाश में कई जगह छापेमारी

वारदात के बाद पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां सतवंती देवी को मृत घोषित कर दिया। नीलम और हर्ष को इलाज के बाद शनिवार को छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने प्रिंस की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली है। अभी तक की जांच में सामने आया है कि हमलावर सगे भाई हैं और मुंडका गांव के रहने वाले हैं। एसआई उमेश दलाल की देखरेख में गठित टीम इनकी तलाश में छापेमारी कर रही है। पुलिस ने रविवार को शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।

बता दें कि राजधानी दिल्ली में पहले भी रोडरेज के दौरान कई लोगों की हत्याएं हो चुकी हैं। लोग छोटी-छोटी बात पर एक-दूसरे की जान ले रहे हैं। कभी गाड़ी टकराने तो कभी हॉर्न बजाने के विवाद में लोग हमला कर देते हैं।

Categorized in: