0 अधेड़ के पतासाजी में जुटे बचाव दल व गोताखोर
सूरजपुर। ओड़गी ब्लाक स्थित गोखनई नदी में एक ग्रामीण के बह जाने के करीब 25 घंटे बाद भी उसका कहीं पता नही चला है। स्थानीय गोताखोरो के साथ साथ जिले की बाढ़ बचाव टीम द्वारा पतासाजी की जा रही है। बताया गया है कि ओड़गी ब्लाक में मंगलवार को तेज बारिश हुई थी जिससे जहां पहाड़ी नदी नाले उफान पर हैं तो वहीं कुदरगढ़ देवीधाम में भी भारी बारिश से हुए भूस्खलन के कारण बड़ी तबाही हुई है। पहाड़ी नदी नालों के उफान में होने के कारण गोखनई नदी में एक हादसा हो गया है। ग्राम रामपुर के आश्रित ग्राम रामगढ़ के खोड़वाड़ीपारा का 55 वर्षीय रामसुंदर दिन में जंगल की ओर लकड़ी लेने गया था तब नदी में पानी नही के बराबर था और शाम को करीब 5 बजे के आसपास जब वह जंगल से लौट रहा था तब नदी में घुटने तक पानी था। लेकिन जैसे ही उसने नदी पार करने की कोशिश की तो अचानक नदी में न केवल पानी बढ़ गया। बल्कि पानी बढ़ने के साथ बहाव भी तेज हो गया। जिससे रामसुंदर बह गया। इसकी जानकारी लगते ही पहले गांव वालों ने अपने स्तर पर पतासाजी की कोशिश की परन्तु जानकारी नही लगने पर पुलिस प्रशासन को सूचना दी गई। जिस पर पुलिस प्रशासन ने सुबह से रामसंुदर का तलाशी अभियान स्थानीय गोताखोरो के साथ शुरू किया है। तलाशी अभियान में बाढ़ बचाव की टीम भी लगी हुई है। परन्तु रामसंुदर के नदी में बहने के करीब 25 घंटे बाद भी उसका कहीं पता नही चला है। मौके पर एसडीएम प्रकाश सिंह राजपूत, एसडीओपी मंजूलता बाज, थाना प्रभारी आरएस ठाकुर, पूर्व जनपद सदस्य व भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेश तिवारी सहित बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमे हुए है।

Categorized in: