बिश्रामपुर। मोबाईल पर बेहतर रुपए तरीके से लाखों रुपए कमाने का झांसा देकर एक महिला से 16 लाख 33 हजार रुपए की ठगी किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। बिश्रामपुर पुलिस ने बताया कि ग्राम पंचायत शिवनन्दनपुर निवासी 33 वर्षीय जागृति जैन पति पुनीत दुगड़ के मोबाईल वाट्सअप पर किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा एक लिंक भेजा गया। लिंक में उसे खोलकर देखने पर 150 रुपए प्रार्थिया को मिला। उसी तरह अज्ञात व्यक्ति द्वारा लिंक पर ही 20 टास्क का लालच दिया गया, प्रति टास्क पर 50 रुपए प्रार्थिया को दिए जाने की बात कही गई और टास्क छोड़ने पर 25 रुपए कमीशन की बात कही गई। गतदिनों 6 सितंबर को जब प्रार्थिया ने लिंक के ग्रुप में ज्वाइन की तब दो प्रकार के टास्क मर्चेंट क्रमशः प्री मर्चेंट पेड टास्क व इंस्टाग्राम फालो टास्क की जानकारी दी गई। प्रार्थिया द्वारा 2 मर्चेंट प्री पेड टास्क व 9 इंस्टाग्राम फॉलो टास्क में फॉलो कर 60 हजार रुपए लगाया गया। जिसमें प्रार्थिया के आईसीआईसीआई बैंक एकाउंट में 9400 रुपए प्राप्त हुए। इसके पश्चात 8 सितंबर को प्रार्थिया के मोबाईल वाट्सअप पर पुनः रिसेप्शनिस्ट पूजा टेली ग्राम आईडी पर टास्क शुरू होने का मैसेज आया। जिस पर प्रार्थिया ने 14 टास्क व 13 इंस्टाग्राम लिंक को फॉलो की और अज्ञात व्यक्ति द्वारा मोबाईल बैंकिंग से 16 लाख 33 हजार रुपए मोबाईल से ट्रांसफर करा लिया गया, लेकिन उस दिन कोई कमीशन नहीं आया। इसके पश्चात पुनः प्रार्थिया के मोबाईल पर मैसेज आया कि सेटलमेंट करने पर पर्सनल इंकम टैक्स हेतु 7 लाख 70 हजार रुपए मोबाईल पर ट्रांसफर किया जाए। तब प्रार्थिया को ठगी का एहसास हुआ। जिस पर प्रार्थिया ने मामले की शिकायत बिश्रामपुर थाने में दर्ज कराकर अज्ञात आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। प्रार्थिया की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 420 के तहत जुर्मदर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

Categorized in: