पार्टी के संगनात्मक गतिविधियों में भी हिस्सा लिया, देर रात तक चला मिलाप का दौर

गिरिजा कुमार ठाकुर

अंबिकापुर। विधानसभा चुनाव में भाजपा के द्वारा उतारे गए सरगुजा संभाग के प्रत्याशियों की पहले दिन की दिनचर्या आपसी मेल-मिलाप और बधाइयों के दौर के बीच गुजरी। इस बीच उन्होंने संगठनात्मक गतिविधियों में भी हिस्सा लिया। पार्टी के कार्यकर्ताओं से संपर्क का दौर देर रात तक चला।

छत्तीसगढ़ फ्रंटलाइन ने शुक्रवार को जब सरगुजा संभाग के बलरामपुर-रामानुजगंज जिला के रामानुजगंज विधानसभा से भाजपा द्वारा बतौर प्रत्याशी सामने लाए गए वरिष्ठ भाजपा नेता व पूर्व मंत्री व राज्यसभा सांसद रामविचार नेताम को टटोलने का प्रयास किया तो उनका मोबाइल स्विच ऑफ बता रहा था। उनके संपर्क सूत्रों को खंगालने पर जानकारी मिली कि वे अभी हवाई यात्रा करते बस्तर से रायपुर पहुंचे हैं और बंगले में प्रवेश किए हैं। इंतजार के बाद शाम 7.25 बजे पुन: उनके मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास सफल हुआ। घंटी जाने के बाद चिरपरिचित आवाज सुनने को मिली। संभवत: नंबर उनके मोबाइल में सेफ नहीं था, लेकिन नाम सुनते ही मुस्कुराहट भरी आवाज सामने आई और संक्षिप्त बातों का सिलसिला उन्होंने शुरू करते हुए कहा सुबह से लोगों से भेंट-मुलाकात के साथ बधाईयों का दौर चल रहा है। आप लोगों की बदौलत पुन: विधानसभा चुनाव लड़ने का मौका उन्हें भारतीय जनता पार्टी ने दिया है। सहयोग बना रहे…कहते वे बातों को अल्पविराम दिए। दिनभर की गतिविधियों को उन्होंने बातों-बातों में बता दिया था। औपचारिक बात आगे बढ़ी तो बताया कि अभी चार बजे बस्तर से लौटा हूं। लोगों से मिलना-जुलना चल रहा है। कल आप लोगों से अंबिकापुर में मुलाकात होगी। इसके बाद कुछ आगंतुकों की आवाजें आने लगी और बातों पर पूर्णविराम लगा। लुंड्रा विधानसभा से चुनाव मैदान में भाजपा के द्वारा उतारे गए प्रत्याशी प्रबोध मिंज से भी चर्चा का प्रयास पहले चरण में विफल रहा, उनके मोबाइल ने आउट ऑफ रेंज का संकेत दिया। नेतामजी से चर्चा के बाद पुन: एकबारगी कोशिश में कामयाबी मिली। थकान भरी हलो की आवाज के बाद उन्होंने अपनी बातों को वजनदार लहजे में रखा। बातचीत के क्रम में उन्होंने कहा भाजपा के द्वारा विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी बनाने की घोषणा के बाद आज का दिन बधाई देने के लिए पहुंचे लोगों के बीच गुजरा। लुंड्रा विधानसभा क्षेत्र से भी काफी लोग पहुंचे। पार्टी कार्यालय में भी बधाई देने का क्रम चला। इसके बाद वे भाजपा के धरना और कलेक्टोरेट के घेराव में शामिल हुए। लुंड्रा विस क्षेत्र से काफी संख्या में किसानों और पार्टी के कार्यकर्ताओं का आना हुआ था।


सरपंच से शुरू हुआ राजनैतिक सफर-प्रबोध मिंज
एक सवाल पर अंबिकापुर नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष और लुंड्रा विधानसभा प्रत्याशी प्रबोध मिंज ने कहा कि वे अकेले चुनाव नहीं लड़ रहे, पार्टी चुनाव लड़ा रही है। पार्टी की अपनी रणनीति और संगठनात्मक ढांचा है। राजनैतिक और व्यक्तिगत संपर्क, संबंध की कड़ियां जुड़ी हैं, इसका लाभ उन्हें मिलेगा। लुंड्रा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने के परिप्रेक्ष्य में उन्होंने कहा कि यह विधानसभा अंबिकापुर ब्लॉक से लगा और लखनपुर-अंबिकापुर के पोलिंग से जुड़ा है। इसके पहले उनका निवास ग्राम पंचायत में आता था, इस दौरान वे 10 वर्ष तक अपने ग्राम पंचायत में सरपंच का दायित्व निर्वहन किए। वे फुंदुरडिहारी क्षेत्र से जनपद सदस्य व अंबिकापुर जनपद के अध्यक्ष भी रहे। लखनपुर के कुन्नी, डांडकेसरा, सलका, पतराटोली, सिंगीटाना सहित अन्य ग्रामीण क्षेत्रों से जिला पंचायत सदस्य बने। इन्ही लोगों के बीच उनके राजनैतिक जीवनकाल की सही मायने में शुरूआत हुई है। परिसीमन के बाद जब निगम क्षेत्र में उनका निवास आया तो पार्टी ने अंबिकापुर नगर निगम के लिए महापौर प्रत्याशी के रूप में उन्हें सामने लाया, महापौर का दो कार्यकाल उन्होंने जिम्मेदारी पूर्वक पूरा किया। अब विधानसभा चुनाव लड़ने का मौका उन्हें पार्टी दी है।

Categorized in: