रेलवे के आईजी व एसपी पहुंचे मौके पर , मामले में की जा रही है जांच, मामले में 7 लोगों को लिया गया हिरासत में जिसमें बैकुंठपुर पीडब्ल्यू आई भी शामिल

मनेन्द्रगढ़ । ऑक्शन की आड़ में रेलवे की संपत्ति चोरी किए जाने का एक बड़ा मामला प्रकाश में आया है मामले में बिलासपुर व अनूपपुर की क्राइम ब्रांच की टीम ने कार्रवाई करते हुए ओव्हर लोड दो ट्रकों को पकड़ा है । रेलवे की संपत्ति से ओवरलोड ट्रकों को जप्त कर मामले की जांच की जा रही है वही मामले में संलिप्त 7 लोगों को हिरासत में लिया गया है जिसमें बैकुंठपुर का पीडब्ल्यूआई भी शामिल होना बताया जा रहा है । पूरे मामले की जानकारी रेलवे के संबंधित अधिकारियों से लेने की कोशिश की गई लेकिन अधिकारियों के द्वारा कार्यवाही पूर्ण होने के पश्चात ही संपूर्ण जानकारी देने की बात कहीं गई है । सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अनूपपुर रेल खंड के रेलवे स्टेशन बैकुंठपुर रोड एवं नगर में रेलवे की अनुपयोगी संपत्ति का ऑक्शन किया गया था जिस ऑक्शन की संपत्ति को ठेकेदार के द्वारा बुधवार को बैकुंठपुर रोड एवं नगर रेलवे स्टेशन के पास से ट्रकों में लोड कराया गया था । जिसमें एक ट्रक बैकुंठपुर रोड एवं दूसरा ट्रक नगर रेलवे स्टेशन के पास से लोड कराया गया था। ट्रक क्रमांक सीजी 16 सीएच 5951 को मनेंद्रगढ़ रेलवे स्टेशन लाकर खाली कराया गया जबकि दूसरा ट्रक नगर रेलवे स्टेशन के पास खड़ा था ! सूत्रों के अनुसार ट्रकों में 17 टन ऑक्शन का ले जाने की पासिंग है लेकिन ट्रकों में 30 टन रेलवे की संपत्ति लोड किया गया था जिसमें एक ट्रक लोड होकर रवाना हो गया था जबकि दूसरा ट्रक नगर में ही लोड होकर खड़ा हुआ था । ऑक्शन की आड़ में रेलवे की संपत्ति चोरी किए जाने की सूचना रेलवे क्राइम ब्रांच की टीम व उच्चाधिकारियों को दी गई जिस पर त्वरित कार्यवाही करते हुए रेलवे क्राइम ब्रांच की टीम ने मौके पर पहुंचकर एक ट्रक को रास्ते से और दूसरे ट्रक को नगर रेलवे स्टेशन के पास पकड़ लिया जिससे रेलवे में हड़कंप मच गया और बिलासपुर , अनूपपुर, अंबिकापुर आरपीएफ की फोर्स पहुंच गई थी वही रेलवे के आईजी ,एसपी व अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया और मामले की संपूर्ण जानकारी ली । सूत्रों के अनुसार मामले में संलिप्त 7 लोगों को हिरासत में लिया गया है जिसमें बैकुंठपुर क्षेत्र का पीडब्ल्यू आई भी शामिल है ।

मामला बड़ा है संपूर्ण जांच होने के पश्चात दी जाएगी जानकारी : आईजी

मामले के संबंध में जब रेलवे के आईजी ए एन सिन्हा से जानकारी लेने की कोशिश की गई तो उन्होंने बताया कि मामला बड़ा है मामले की जांच की जा रही है जांच के पश्चात ही कोई जानकारी विस्तृत रूप से दी जाएगी । उन्होंने कहा कि मामले की संपूर्ण जानकारी रेलवे के एसपी से ही मिल जाएगी ।

Categorized in: