पीछे की सीट में सवार युवकों की प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी

Oअंबिकापुर। भोलेनाथ का दर्शन करने बाबाधाम जाने निकले युवकों की कार पेड़ से टकरा गई, जिसमें कार चला रहे युवक सहित दो की मौत हो गई, पीछे सीट में बैठे युवकों को सामान्य चोटें आई हैं। घटना बलरामपुर जिले के बसंतपुर थाना अंतर्गत ग्राम धनवार व फूलीडूमर के बीच की है। कार सवार सूरजपुर जिले के रेवटी थाना अंतर्गत ग्राम सोनडीहा निवासी थे। घटना की खबर जैसे ही गांव में पहुंची शोक का माहौल निर्मित हो गया।
जानकारी के मुताबिक सावन के पहले सोमवार की रात लगभग 10 बजे सूरजपुर जिले के सोनडीहा निवासी चार युवक हुंडई कार क्रमांक सीजी 15 बीएच-1759 से बाबाधाम जाने के लिए निकले थे। छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश की सीमा पर धनवार-फूलीडूमर के बीच रात करीब साढ़े 11 बजे कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। कार आनंद कुमार पटेल 36 वर्ष चला रहा था, बगल में शत्रुघन पटेल 33 वर्ष बैठा था। दोनों गांव के ही किशोर पटेल व संजय कुमार पटेल के साथ बाबाधाम जाने के लिए रवाना हुए थे। रात करीब 11.30 बजे बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के बसंतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत धनवार बैरियर से एक किलोमीटर पहले कार अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे पेड़ से टकरा गई। सिर में गंभीर चोट लगने से कार चला रहे आनंद कुमार पटेल की मौके पर मौत हो गई, बगल सीट में बैठे शत्रुघन पटेल सहित पीछे की सीट में सवार युवक घायल हो गए थे। घटना की सूचना मिलने पर बसंतपुर पुलिस मौके पर पहुंची। सभी को वाड्रफनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। यहां जांच के बाद डॉक्टरों ने आनंद व शत्रुघन को मृत घोषित कर दिया। हादसे में मामूली रूप से घायल किशोर व संजय पटेल को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद दोनों का शव स्वजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। दोनों का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया।

Categorized in: