मारुति सुजुकी की पहली इलेक्ट्रिक कार का सभी को इंतजार है। कंपनी ने ऑटो एक्सपो 2023 में अपनी इलेक्ट्रिक कार eVX का कॉन्सेप्ट पेश किया था। अब इस इलेक्ट्रिक कार को टेस्टिंग के दौरान स्पॉट भी किया जा चुका है। इसे पोलैंड की सड़कों पर ब्लैक रेपर के साथ देखा गया है। ये कार पोलैंड के क्राको में एक चार्जिंग पॉइंट पर खड़ी थी। ऐसे में अब इसकी लॉन्चिंग से जुड़ी खबरें भी सामने आने लगी हैं। नई रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी इस कार को अक्टूबर 2024 में लॉन्च करेगी। वहीं, इसकी बुकिंग अगस्त 2024 से शुरू हो जाएगी। इसकी कीमतों का खुलासा लॉन्चिंग इवेंट में ही होगा।

मारुति सुजुकी के दूसरे कॉम्पटीटर जैसे हुंडई, टाटा मोटर्स और महिंद्रा सभी के पास इलेक्ट्रिक कार मौजूद हैं। टाटा मोटर्स तो इलेक्ट्रिक फोर व्हीलर सेगमेंट में सबसे ऊपर है। ऐसे में मारुति सुजुकी इन सभी से काफी लेट हो चुकी है। हालांकि, लेट होने के बाद भी कंपनी इस सेगमेंट में अपनी एंट्री को दमदार बनाना चाहती है। eVX का प्रोटोटाइम काफी हद तक ग्रैंड विटारा जैसा दिखता है। यह कंपनी की पहली प्योर ईवी होगी। ये स्केटबोर्ड प्लेटफॉर्म पर बेस्ड होगी।

मारुति की इलेक्ट्रिक कार eVX को सुजुकी के गुजरात प्लांट में तैयार किया जाएगा। यहीं से इसे भारतीय बाजार के साथ दुनिया के दूसरे बाजारों में सप्लाई किया जाएगा। अक्टूबर 2024 में इसका भारत से ही ग्लोबल डेब्यू होगा। हालांकि, लॉन्चिंग के बाद सबसे पहले इसे भारतीय बाजार में बेचा जाएगा। ये नई इलेक्ट्रिक SUV 4.3 मीटर लंबी होगी। इसका व्हीलबेस 2,700mm होगा।

मारुति सुजुकी eVX की बैटरी और रेंज
सुजुकी eVX में सिंगल और डुअल-इलेक्ट्रिक मोटर सेटअप दोनों उपलब्ध होंगे। इसे यूरोप और जापान जैसे इंटरनेशनल मार्केट के लिए रिजर्व किया जा सकता है। eVX को 60 किलोवाट ली-आयन बैटरी पैक से लैस किया जा सकता है, जो लगभग 550 किमी की ड्राइविंग रेंज दे सकती है। वहीं, इसे 48kWh की छोटी बैटरी पैक में भी उतारा जाएगा। इसकी रेंज करीब 400 किमी तक होगी। टेस्टिंग के दौरान स्पॉट की गई फोटोज में दो-स्पोक स्टीयरिंग व्हील और डुअल-स्क्रीन लेआउट भी दिखाया गया है।

मारुति सुजुकी eVX का मुकाबला
मारुति सुजुकी eVX का मुकाबला अपकमिंग महिंद्रा XUV700 बेस्ड इलेक्ट्रिक SUV, हुंडई क्रेटा बेस्ड ईवी, टाटा कर्व ईवी, होंडा एलिवेट ईवी, किआ सेल्टोस ईवी जैसे दूसरे इलेक्ट्रिक मॉडल से होगा। 2025 और 2026 में शून्य-उत्सर्जन व्हीकल को लॉन्च करने की योजना है। इसे टोयोटा के 40PL से प्राप्त 27L आर्किटेक्चर पर तैयार किया जाएगा।

Categorized in: