कार्यक्रम स्थल का जिला-पुलिस प्रशासन के साथ कांग्रेसजनों ने लिया जायजा

अंबिकापुर। आठ जुलाई को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एवं उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के संयुक्त दौरे को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी है। एक दिवसीय प्रस्तावित दौरे में मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री राजमाता देवेन्द्र कुमारी सिंहदेव मेडिकल कॉलेज गांधी स्टेडियम में नवनिर्मित इंडोर स्टेडियम का उद्घाटन करेंगे, साथ ही कलेक्टोरेट परिसर में स्थित छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा का अनावरण भी करेंगे। साथ ही मुख्यमंत्री अंबिकापुर विधानसभा में कांग्रेस के सांगठनिक कार्यक्रम बूथ चलो अभियान की शुरुआत करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री अंबिकापुर शहर व अंबिकापुर ग्रामीण के साथ ही लखनपुर क्षेत्र के कई बूथ कमेटियों से मुलाकात करेंगे। बूथ चलो कार्यक्रम की शुरुआत हेतु कार्यकर्ताओं की एक कार्यशाला राजमोहनी भवन में होगी। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को अभी अंतिम रुप दिया जा रहा है। इस संदर्भ में औषधीय पादप बोर्ड के अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक, पीसीसी महामंत्री द्वितेन्द्र मिश्रा एवं जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राकेश गुप्ता ने मंगलवार को सरगुजा कालेक्टर कुंदन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के साथ अंबिकापुर एवं लखनपुर के प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया। उनके साथ ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अंबिकापुर शहर हेमंत सिंन्हा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अंबिकापुर ग्रामीण विनय शर्मा, दुर्गेश  गुप्ता, शैलेश सोनी, विनोद लकड़ा, ओनिमेश सिन्हा, अविनाश कुमार, विकास शर्मा, सूरज साहू मौजूद थे।

Categorized in: