अंबिकापुर। बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर विकासखंड अंतर्गत गुरुवार की दोपहर बारिश के बीच दो जगहों पर आकाशीय बिजली गिरी। इसके चपेट में आने से महुआ डोरी बिनने गईं पांच महिलाएं, एक युवती व एक बालिका चपेट में आ गईं। हादसे में एक युवती, एक महिला व बालिका समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल महिलाओं को वाड्रफनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि रघुनाथनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हरिगवां निवासी 5 महिलाएं व एक युवती गुरुवार की दोपहर 3-3 के समूह में अलग-अलग जगह महुआ डोरी बीन रही थीं। एक समूह में बबली व पानकुंवर तथा 18 वर्षीय अनिता गुप्ता, दूसरे समूह में 3 महिलाएं सुरभी, निर्मला व केशकुमारी पति जयप्रकाश 45 वर्ष थीं। दोपहर करीब 3 बजे अचानक बारिश शुरु हो गई। बारिश से बचने सभी अलग-अलग पेड़ के नीचे खड़े थे। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी।  हादसे में अनिता गुप्ता व केश कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य 4 महिलाएं घायल हो गईं। आकाशीय बिजली गिरने की जानकारी जब परिजनों को मिली तो वे दौडक़र महुआ पेड़ के नीचे पहुंचे। यहां देखा कि सभी महिलाएं जमीन पर बेहोशी की हालत में पड़ी थीं। इसके बाद परिजनों द्वारा सभी को संजीवनी 108 व अन्य से वाड्रफनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां जांच के बाद डॉक्टरों ने अनिता गुप्ता व केशकुमारी को मृत घोषित कर दिया, जबकि सुरभी, निर्मला, पानकुंवर व बबली का इलाज जारी है। घटना से गांव में मातम पसर गया है। इधर वाड्रफनगर विकासखंड के ही ग्राम कुंडी निवासी 12 वर्षीय बालिका पिंकी खैरवार पिता रामखेलावन गुरुवार की दोपहर गांव में ही महुआ डोरी बीनने गई थी। दोपहर करीब 3-4 बजे के बीच गरज-चमक के साथ बारिश शुरु हो गई। यह देख डोरी बिन रही पिंकी झोला लेकर भागने लगी। इसी बीच वहां आकाशीय बिजली गिरी, इसकी चपेट में आकर पिंकी की मौके पर ही मौत हो गई।

Categorized in: