अंबिकापुर। मणिपुर थाना पुलिस द्वारा दुपहिया वाहन चोरी के मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए विधि से संघर्षरत एक बालक समेत अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को पूर्व में भी चोरी के मामले में सरगुजा पुलिस द्वारा चालान किया गया है।
आरजू अंसारी पिता गुलाम सरवर 23 वर्ष निवासी सोनपुरकला अम्बिकापुर ने थाना मणिपुर में लिखित रिपोर्ट दर्ज कराया था कि घटना दिनांक 14 जून को वह अपनी एक्टिवा स्कूटी से बेटे के इलाज हेतु जिला अस्पताल गया था। रात में स्कूटी को जिला अस्पताल परिसर में रखकर अस्पताल के अन्दर चला गया, सुबह वापस आकर देखा तो स्कूटी अपने जगह पर नहीं थी। रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 379, 34 भादवि का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मणिपुर उप निरीक्षक प्रमोद पाण्डेय एवं पुलिस टीम मामले में आरोपी को तलाश रही थी। इसी बीच पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक संदिग्ध व्यक्ति सफ़ेद रंग की बिना नंबर की एक्टिवा स्कूटी बेचने के फिराक में बस स्टैंड के आस-पास घूम रहा है। पुलिस टीम उक्त संदेही को पकड़कर पूछताछ की, तो अपना नाम इरसाद अंसारी पिता पीर मोहम्मद 20 वर्ष निवासी महामाया मंदिर के पास अम्बिकापुर का होना बताया। पूछताछ करने पर वह स्कूटी के बारे में संतोषप्रद जवाब नहीं दे पाया। कड़ाई से पूछताछ करने पर उक्त एक्टिवा स्कूटी को विधि से संघर्षरत बालक के साथ मिलकर जिला अस्पताल से चोरी करना स्वीकार किया। एक अन्य मामले में आरोपी एवं विधि से संघर्षरत बालक द्वारा साथ मिलकर कंपनी बाजार से एक हीरो मैस्ट्रो स्कूटी भी चोरी किया गया था। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है। विधि से संघर्षरत बालक को न्यायिक अभिरक्षा में बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया। आरोपियों के कब्जे से दोनों स्कूटी को बरामद करने में पुलिस सफल हुई है। सरगुजा पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी चोरी के मामले मे चालानी कार्रवाई की गई थी। कार्रवाई में थाना प्रभारी मणिपुर उप निरीक्षक प्रमोद पाण्डेय, प्रधान आरक्षक विपिन तिवारी, महेश्वर, आरक्षक अतुल शर्मा, निर्मल, कुश सोनी शामिल रहे।

Categorized in: