श्रम विभाग व नगर निगम करेगा अग्रिम कार्रवाई

अंबिकापुर। रिंग रोड स्थित स्पा सेंटर को वैध दस्तावेज नहीं होने पर अग्रिम आदेश तक के लिए बंद कराया गया है। पूर्व में भी पुलिस ने बिना वैध दस्तावेजों के संचालित स्पा सेंटर पर कार्रवाई की थी। अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए श्रम विभाग एवं नगर निगम को सूचना दी गई है। कार्रवाई के दौरान पुलिस को यहां चार युवतियां स्पा करते मिली।

जानकारी के मुताबिक शहर के रिंग रोड स्तिथ नेचुरल वेलनेस स्पा सेंटर के पुन: संचालन की शिकायत पुलिस को मिली थी, जिसे संज्ञान में लेकर पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज रामगोपाल गर्ग के मार्गदर्शन व प्रभारी पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल के निर्देशन में संयुक्त पुलिस टीम द्वारा स्पा सेंटर संचालन के संबंध में वैध दस्तावेज एवं स्पा सेंटर में नियमों के पालन की जांच के दिशा-निर्देश पुलिस टीम को दिए गए थे। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला, नगर पुलिस अधीक्षक स्मृतिक राजनाला के नेतृत्व में संयुक्त पुलिस टीम ने नेचुरल वेलनेस स्पा सेंटर की औचक जांच की, जांच के दौरान पुलिस टीम द्वारा वीडियोग्राफी कराई गई, जिसमें स्पा सेंटर में कार्यरत युवतियों द्वारा कुछ ग्राहकों को स्पा दिया जा रहा था। संयुक्त पुलिस टीम द्वारा स्पा सेंटर के संचालक से स्पा के सम्बन्ध में वैध दस्तावेज, लाइसेंस की मांग की गई, जो वह प्रस्तुत नहीं किया। संयुक्त टीम द्वारा स्पा सेंटर को सीलबंद किया गया एवं स्पा सेंटर में कार्यरत महिला कर्मचारियों से स्पा सेंटर के संबंध में गहन पूछताछ की गई। महिला कर्मचारियों को वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के दिशा-निर्देश दिए गए एवं स्पा सेंटर के संबंध में किसी प्रकार की शिकायत प्राप्त होने पर सख्त कार्रवाई करने कहा गया। स्पा सेंटर संचालन के संबंध में वैध लाइसेंस नहीं होने पर श्रम विभाग एवं नगर निगम द्वारा संचालक को नोटिस देकर वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने कहा गया है। संयुक्त कार्रवाई में प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत देवांगन, उप निरीक्षक अनीता आयाम, प्रधान आरक्षक छात्रपाल सिंह, श्रम विभाग एवं नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी एवं पुलिस टीम शामिल रही।

Categorized in: