चंदौरीडांड में भाजपा का हुआ लाभार्थी सम्मेलन
जयनगर। खुद को छत्तीसगढ़िया बताने वाले मुख्यमंत्री भुपेश बघेल केवल दिखावा कर वाहवाही लूटने में लगे हुए हैं। गरीबों के आवास व राशन में डाका डालकर करोड़ों रुपए के घोटाला करने वाले खुद को रामभक्त बताने में लगे हैं। मोदी सरकार ने जो कार्य अपने 9 वर्षों के अल्प कार्यकाल में कर दिखाया वह कांग्रेस सरकार केंद्र में वर्षों राज करने के बाद भी नहीं कर सकी। उक्त बातें पद्मश्री व भाजपा नेता अनुज शर्मा ने आज लटोरी मंडल अंतर्गत ग्राम चंदौरीडांड में मोदी सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित लाभार्थी सम्मेलन में कही। उन्होंने कहा कि मैं एक कलाकार हूं लेकिन मैंने केवल राम भगवान की सच्ची सेवा करने के लिए भाजपा ज्वाइन किया हूं। भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है जो शिक्षक के बेटे अटल बिहारी वाजपेयी व चाय बेचने वाले नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बना सकती है। कांग्रेस में तो केवल दादी व पिता सहित तीन पीढ़ियों ने ही प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली है और अब पुनः उसी परिवार के लोग केंद्र में राज करने के सपने संजोए हुए हैं, क्योंकि वही लोग ठेका लिए हुए हैं। भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है जो वर्षों तक राममंदिर बनवाने के लिए संघर्ष करती रही और अंततः राममंदिर निर्माण कार्य पूर्ण करने का कार्य किया है, जो नए वर्ष में आम लोगों के सुपुर्द कर रामलला में पूजा अर्चना शुरू करा देगा। उन्होंने कहा कि राम हमारे आदर्श हैं और रामजी की सेवा करने के लिए ही मैंने भाजपा ज्वाइन किया है यह मेरा सौभाग्य है। कांग्रेस का मतलब इंडियन नेशनल कांग्रेस है और भाजपा का मतलब भारतीय जनता पार्टी है। उन्होंने कहा कि भुपेश बघेल धोखेबाज हैं, असली छत्तीसगढ़िया तो मैं हूं। भाजपा के प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी छत्तीसगढ़िया लोगों की भावनाओं को समझते थे, इसी वजह से यह जानते थे कि अलग राज्य बनाने के बाद भी कांग्रेस की सरकार ही बनेगी, उसके बावजूद उन्होंने छत्तीसगढ़ को अलग राज्य बनाकर हम सभी को एक पहचान दिया था। सभी लोगों को सचेत रहने की आवश्यकता है और आगामी समय में होने वाले विधानसभा व लोकसभा चुनाव में कमल फूल छाप पर बटन दबाकर विजयी बनाना है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ही कोविड समय में रातदिन कड़ी मशक्कत कर हमारे लिए जीवनरक्षक टीका लगवाया और देशवासियों के अलावे विदेशों में भी टीका उपलब्ध कराकर अपने आपको राष्ट्र गुरु की ओर कदम बढ़ा दिया है। अगर छत्तीसगढ़ में भी डबल इंजन की सरकार रहती तो गरीबों के पक्के मकानों के सपनों पर पानी नहीं फिरता लेकिन भुपेश सरकार ने गरीबों के सपने पर पानी फेरने का कार्य किया है। भुपेश बघेल अपने आपको छत्तीसगढ़िया मुख्यमंत्री होने का तो भरते हैं लेकिन छत्तीसगढ़ से दूसरे राज्य के नेताओं को राज्यसभा सांसद बनाते हैं। हमारे छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के एक भी नेता नहीं थे, जिन्हें राज्यसभा सांसद बनाकर दिल्ली भेजा जा सकता था। भुपेश सरकार में पीएससी घोटाला, कोयला घोटाला, गरीबों का राशन घोटाला जैसे कई घोटाले की कतार लग गई है। जब किसी का अंत समय आता है तो वह रामनाम की जाप शुरू कर दिखावा करने लगता है, उसी तरह भुपेश बघेल भी रामनाम की जाप शुरू कर दिखावा कर रहे हैं। कार्यक्रम में सर्वप्रथम सम्मेलन के मुख्य अतिथि भाजपा नेता व पद्मश्री अनुज शर्मा के अलावे विशिष्ट अतिथि पूर्व गृहमंत्री रामसेवक पैकरा, पूर्व विधायक रजनी रविशंकर त्रिपाठी, अजय गोयल, अंबिकेश केशरी, लाल संतोष सिंह, संजय अग्रवाल, परमेश्वरी राजवाड़े, जिपं सदस्य लक्ष्मी राजवाड़े, महेश्वर पैकरा, अशोक सिंह, सत्यनारायण सिंह, देवधन राम बिंझिया, मोहन शर्मा, रविन्द्र भारती, शशिकांत गर्ग, अनूप सिन्हा, दीपेंद्र सिंह चौहान, राजकिशोर चौधरी, कृष्णा गोयल, किरण केराम का स्वागत किया गया। कार्यक्रम में सर्वप्रथम अतिथियों द्वारा पौधरोपण कार्यक्रम किया गया। इसके पश्चात राजकीय गीत की प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम को अन्य अतिथियों ने भी संबोधित करते हुए मोदी सरकार के 9 वर्षों में किए गए जनकल्याणकारी कार्यों के संबंध में उपस्थितजन को विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम में संदीप सरकार, पवन वर्मन, अमरजीत सिंह, ठाकुर राजवाड़े, नूतन विश्वास, फुलबसिया राजवाड़े, मनी बग्गा, गोलू बग्गा, पप्पू साहू, शांतनु सिंह चौहान, सुशील शाहा, बण्टेश्वर, जयपाल, सरीखन राम सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में यहां पर अतिथियों के हाथों 50 लाभार्थियों को सम्मानित भी किया गया।

Categorized in: