*खुशी और उत्साह से भरे छात्रों ने मुख्यमंत्री को दिया धन्यवाद*

*स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. टेकाम के साथ टॉपर्स पहुंचे अंबिकापुर*

*सरगुजा संभाग के तीन छात्रों हेलीकॉप्टर जॉयराइड का मिला मौका*

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ राज्य में 10वीं और 12वीं की परीक्षा में टॉप टेन के लिस्ट में अपनी जगह बनाने वाले छात्रों को प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के द्वारा राजधानी रायपुर में हेलीकॉप्टर जॉयराइड कराई गई। हेलीकॉप्टर की सवारी करके आए बच्चों के उत्साह और खुशी देखते ही बन रही है। इन बच्चों ने ऊंचाई से खूबसूरत छत्तीसगढ़ और प्रदेश की राजधानी रायपुर को देखा। इन्हें यकीन नहीं हो रहा था कि बेहतर परीक्षा परिणाम लाने पर सरकार की ओर से उन्हें हेलीकॉप्टर में सफर करने का शानदार मौका मिला है। वास्तव में यह इनके लिए एक सपने जैसा था। बच्चों ने बताया हेलीकॉप्टर में सफर करते वे रायपुर पहुंचे, यहां उन्हें प्रशस्ति पत्र दिया गया। यह क्षण उनके लिए अविश्वसनीय है। बच्चों को विशेषकर रायपुर से आते समय प्रदेश के शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम का सानिध्य प्राप्त हुआ। शिक्षा मंत्री ने इन बच्चों से सफर के दौरान लंबी चर्चा की और उनके अंदर छिपी जिजीविषा को जानने का प्रयास किया। उन्होंने बच्चों के परिवार व घर में उपलब्ध संसाधनों के बारे में भी जानकारी ली। बता दें कि भेंट मुलाकात कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दसवीं और बारहवीं की परीक्षा में टॉप करने वाले छात्रों को हेलीकॉप्टर जॉयराइड कराने की घोषणा की थी, जिसे पूरा करते हुए शनिवार को राजधानी रायपुर में 10वीं और 12वीं की परीक्षा में टॉप टेन की लिस्ट में शामिल छात्रों को हेलीकॉप्टर जॉयराइड कराया गया। इसमें सरगुजा संभाग के तीन छात्र शामिल हुए।

जॉयराइड के बाद तीनों छात्र राजधानी रायपुर से शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम के साथ हेलीकॉप्टर में सवार होकर अंबिकापुर के पीजी कॉलेज ग्राउंड पहुंचे, जहां स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम और बच्चों का स्वागत प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा किया गया। कलेक्टर कुन्दन कुमार ने बच्चों को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।

*88 बच्चों ने की हेलीकॉप्टर में सैर*

बच्चों के साथ हेलीकॉप्टर में साथ आए स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम ने बताया मुख्यमंत्री ने घोषणा के अनुसार 10वीं और 12वीं की परीक्षा में टॉप करने वाले 88 छात्रों को रायपुर में हेलीकॉप्टर के माध्यम से हवाई सैर कराया है, जिसमें संभाग से सरगुजा जिले के भूपेंद्र खेस्स और वंशिका गुप्ता तथा सूरजपुर के एक छात्र किशोर राजवाड़े शामिल हैं। उन्होंने सभी बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना की।

*अन्य छात्रों को मिलेगा प्रोत्साहन-डीईओ*

जिला शिक्षा अधिकारी संजय गुहे ने हेलीकॉप्टर राइडिंग से लौटे छात्रों के साथ अन्य छात्रों को बेहतर पढ़ाई-लिखाई करने के लिए प्रोत्साहन मिलने की बात कही। बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए की गई इस बड़ी पहल के लिए जिला शिक्षा अधिकारी ने प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल वा शिक्षा मंत्री डॉक्टर प्रेमसाय सिंह टेकाम सहित छत्तीसगढ़ शासन का धन्यवाद ज्ञापित किया।

*हेलीकॉप्टर राइड सपना पूरा होने जैसा*

हेलीकॉप्टर राइड के बाद छात्रों ने बताया कि पढ़ाई की लगन और कड़ी मेहनत के बाद इस मुकाम को हासिल किया गया है। दसवीं की परीक्षा में टॉप करने के बाद राजधानी रायपुर में हेलीकॉप्टर जॉयराइड की। रायपुर से अंबिकापुर तक शिक्षा मंत्री के साथ हेलीकॉप्टर में सवार होकर अंबिकापुर पहुंचे हैं, जो एक सपने के पूरा होने जैसा है, इसके लिए छात्रों ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और छत्तीसगढ़ शासन का धन्यवाद व्यक्त किया।

Categorized in: