*शुक्रवार की रात सांड़बार-महावीरपुर मार्ग में हुआ हादसा, इकलौते पुत्रों की मौत से स्वजनों का बुरा हाल*
अंबिकापुर। मणिपुर पुलिस थाना अंतर्गत सांड़बार-महावीरपुर मार्ग में शुक्रवार की रात दो बाइक में आमने-सामने जबरदस्त भिड़ंत हो गई। दोनों बाइक में तीन-तीन युवक सवार थे। बाइकों की भिड़ंत में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना पर पहुंची डायल 112 व मणिपुर थाना की पुलिस ने सभी को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सक द्वारा तीन युवकों को मृत घोषित करने के बाद पुलिस ने शव मर्चुरी में रखवा दिया था। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद मृतकों का शव को उनके स्वजनों को सौंप दिया गया है। घटना से स्वजनों व ग्रामीणों में शोक का माहौल है। मृतक फूल सजावट का काम करने फतेहपुर की ओर जा रहे थे।
जानकारी के मुताबिक सूरजपुर जिले के जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रविंद्रनगर निवासी बलराम दास पिता कार्तिक दास 23 वर्ष अपने दो दोस्त अभिषेक बैरागी पिता सपन बैरागी 22 वर्ष व पुतीन विश्वास 23 वर्ष के साथ शुक्रवार की रात 10 बजे बाइक में घूमने निकला था, इससे घर के सदस्य अनभिज्ञ थे। शुक्रवार की रात लगभग 10.30 बजे तीनों महावीरपुर-सांड़बार बैरियर बाइपास मार्ग से होते ग्राम थोर से लगे सेमरघुटरी, केशवपुर गोठान के पास पहुंचे थे, इसी दौरान सांड़बार की ओर से आ रहे एक बाइक में सवार तीन युवकों गांधीनगर थाना क्षेत्र के ग्राम फतेहपुर निवासी प्रमोद सिंह गोंड़ पिता धनेश्वर गोंड़ 18 वर्ष, देव सिंह व बुधराम से आमने-सामने जबरदस्त भिड़ंत हो गई। दोनों बाइक में सवार छह युवक सड़क पर सिर के बल गिरे। गंभीर चोट लगने के कारण बलराम दास, अभिषेक तथा दूसरे बाइक में सवार युवक प्रमोद सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पुतीन विश्वास, देव सिंह व बुधराम घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही डॉयल 112 व मणिपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। यहां जांच के बाद चिकित्सक ने बलराम, अभिषेक व प्रमोद को मृत घोषित कर दिया था।
*रफ्तार बनी हादसे की वजह*
दुर्घटना की वजह दोनों बाइक में सवार युवकों की तेज रफ्तार मानी जा रही है। ग्राम फतेहपुर निवासी प्रमोद सिंह अपने दोस्तों के साथ बाइक में तेज रफ्तार से अंबिकापुर से घर की ओर जा रहा था। रात लगभग 10 बजे दोनों बाइक सवारों की आमने सामने भिड़ंत हो गई थी।
*इकलौते पुत्रों की मौत से स्वजन सदमे में*
घटना को लेकर जहां ग्राम पंचायत रविंद्र नगर में शोक का माहौल है। रविंद्रनगर के तीनों युवक अपने-अपने परिवार के इकलौते पुत्र हैं। इकलौते पुत्रों की मौत से दो परिवार के सदस्य सदमे में हैं। एक का गंभीर स्थिति में मेडिकल कॉलेज अस्पताल के आईसीयू में उपचार चल रहा है।
*फूल सजावट का काम करने जा रहे थे*
रविंद्रनगर निवासी तीनों युवक पार्टी के बाद फूल सजावट का काम करने के लिए जा रहे थे, इसी दौरान दर्दनाक हादसे का शिकार बन गए। पुलिस ने तीन युवाओं की मौत के मामले में फिलहाल मर्ग कायम कर जांच में लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजनों को सौंप दिया गया। इकलौते अविवाहित पुत्रों की मौत से स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शनिवार को कालीघाट में दोनों युवकों को अंतिम विदाई दी गई।

Categorized in: