भटगांव। सूरजपुर जिले के चांदनी बिहारपुर में राजनीति चरम पर है। उप ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के सदस्य और पदाधिकारियों ने पत्र के माध्यम से बताया है कि राजनीतिक दल में अध्यक्ष पद का चुनाव दो साल में किया जाता है किंतु चांदनी बिहारपुर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी का चुनाव पिछले आठ वर्षों से नहीं हुआ है। ांग्रेस के समर्पित तथा वरिष्ठ कार्यकर्ता लगातार एक ही व्यक्ति मंदेश गुर्जर को अध्यक्ष पद की कमान सौंपने से नाराज हैं। इस बार इनकी मांगों को संज्ञान में लेकर उचित निर्णय नहीं लेने पर सामूहिक इस्तीफा देने की पेशकश की गई है। इनका कहना है संगठन के प्रति नि:स्वार्थ भाव से जुड़े कार्यकर्ताओं से वर्तमान अध्यक्ष न तो किसी प्रकार का संबंध रखते हैं ना सहयोग करते हैं, ना पार्टी के किसी कार्यक्रम में सम्मान करते हैं। ऐसे में संगठन के कोई भी पदाधिकारी और कांग्रेस के कार्यकर्ता कैसे काम कर पाएंगे। पार्टी की योजनाओं, रीति-नीति और विचारधारा को आम जनता तक पहुंचा पाएंगे।
विधायक व कांग्रेस के जिला अध्यक्ष ने भी नहीं लिया संज्ञान में आरोप है कि उपेक्षा से व्यथित चांदनी बिहारपुर के कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं और संगठन के पदाधिकारियों ने क्षेत्रीय विधायक पारसनाथ राजवाड़े व जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भगवती राजवाड़े से मुलाकात कर इस मामले से अवगत कराया और बताया कि मंदेश गुर्जर लगातार कार्यकर्ताओं से तानाशाही व्यवहार करते आ रहे हैं। अपने ग्रुप के साथ चल रहे प्रशासनिक कार्यों में लाभार्जन की मंशा उनकी बनी रहती है। इनके द्वारा क्षेत्र के विधायक से लगभग 2 सालों से यह मांग की जा रही है कि आठ साल से एक ही व्यक्ति के नेतृत्व में सभी का समावेशी विकास नहीं हो पा रहा ह। बावजूद इसके उनकी बातों को नजरअंदाज कर दिया गया है।

नाराजगी का विस चुनाव पर पड़ सकता है असर
छत्तीसगढ़ में लगभग छह महीने बाद विधानसभा चुनाव होने को है। ऐसे में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का नाराज होना असर डाल सकता है। वैसे भी चांदनी बिहारपुर क्षेत्र में कांग्रेस की स्थिति अच्छी नहीं है, यहां कांग्रेस को वोट बैंक बढ़ाने के लिए लगातार मेहनत करना पड़ा है। तमाम मेहनत करने के बावजूद स्थिति सही नहीं होना वह भी सत्ता शासन में रहने के बावजूद कहीं न कहीं संगठनात्मक कमी को सामने ला रहा है। पिछली बार कांग्रेस को जिला पंचायत के उपचुनाव में अच्छे खासे वोटों के अंतर से हार का सामना करना पड़ा था, अब विधानसभा चुनाव पूर्व कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों का नाराजगी व सामूहिक इस्तीफा जैसी बात शुभ संकेत नहीं है।

इनकी ये है मांग
चांदनी बिहारपुर क्षेत्र के समस्त कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर एक पत्र तैयार किया है, जिसमें दो शर्तें रखी गई है, पहला ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मंदेश गुर्जर को अध्यक्ष पद से हटाया जाए या फिर उनका सामूहिक त्यागपत्र स्वीकार किया जाए। यह पत्र कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम, जिले के प्रभारी मंत्री शिव कुमार डहरिया, जिला अध्यक्ष भगवती राजवाड़े, क्षेत्रीय विधायक पारसनाथ राजवाड़े, ओडग़ी ब्लॉक अध्यक्ष गौतम कुशवाहा तथा ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष मंदेश गुर्जर को देकर अपनी बातों से अवगत कराया है। जिला अध्यक्ष भगवती राजवाड़े से फोन से संपर्क कर उनका पक्ष लेने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।

जो पत्र कमेटी के सदस्यों के द्वारा उप ब्लॉक अध्यक्ष के नाम से लिखा गया है, उसमें प्रतिलिपि में नाम होना अलग बात है। रही बात चांदनी बिहारपुर उप ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के गठन की तो इसका गठन ही नहीं हुआ है।
पारसनाथ राजवाड़े, विधायक भटगांव

Categorized in: