नियम कायदों को ताक पर रखकर उद्योग विभाग द्वारा मनेंद्रगढ़ के चैनपुर में दलाल की मिलीभगत से 18 लोगों को जमीन आबंटन करने का है मामला

मनेंद्रगढ़- कोरिया जिले के मनेंद्रगढ़ स्थित जिला उद्योग एवं व्यापार केंद्र कार्यालय में नियम कायदों को ताक पर रखकर दलाल से मिलीभगत कर जमीन आब॑टित करने का मामला प्रकाश में आया है। उद्योग एवं व्यापार केंद्र के द्वारा गलत तरीके से नियम कायदों को दरकिनार कर जमीन दलाल की मिलीभगत से 18 लोगों को जमीन आबंटित कर दी गई है। जमीन आबंटित करने के मामले में पूर्व जीएम पर अनियमितता का आरोप लग रहा है विभाग द्वारा उच्च स्तरीय जांच कराने की बात कही जा रही है। छत्तीसगढ़ फ्रन्टलाइन ने मामले को प्रमुखता से प्रकाशित किया था खबर प्रकाशन के बाद उद्योग विभाग हरकत में आया है और उद्योग संचालक ने मनेंद्रगढ़ स्थित जिला उद्योग एवं व्यापार केंद्र के महाप्रबंधक एम बड़ा को रायपुर तलब किया है।

मिली जानकारी के अनुसार बैलगाड़ी योजना के तहत सन 1988 में एमपी एग्रो को जिला उद्योग एवं व्यापार केंद्र के द्वारा मनेंद्रगढ़ के चैनपुर में 10 एकड़ जमीन आवंटित की गई थी। लेकिन वर्ष 2004 में एमपी एग्रो बंद हो गई थी जिसके बाद जमीन का लीज व एमपी एग्रो का अनुबंध समाप्त हो गया था।

तत्कालीन जिला उद्योग एवं व्यापार केंद्र के महाप्रबंधक ने उक्त 10 एकड़ जमीन को नियम कायदों को ताक में रखकर प्रक्रिया का पालन न करते हुए 18 लोगों को आबंटित कर दी थी। यह मामला पूर्व में भी उठा था लेकिन बिना किसी जांच कारवाही के मामले को दबा दिया गया था। उक्त मामला एक बार फिर प्रकाश में आया है। बताया जा रहा है कि जमीन आवंटित करने में पूर्व जीएम शैलेंद्र रंगा पर अनियमितता का आरोप लग रहा है। वर्तमान में श्री रंगा रायपुर में उप संचालक के पद पर पदस्थ हैं। जमीन आवंटन का मामला प्रकाश में आने पर विभाग में एक बार फिर हड़कंप मच गया है अब विभाग के द्वारा मामले की उच्च स्तरीय जांच कराए जाने की बात की जा रही है। बताया जा रहा है कि जिन 18 लोगों को जमीन आवंटित की गई है उसमें प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया था और उनके फाइलों में अधिकांश दस्तावेज उपलब्ध भी नहीं है। पूर्व जीएम श्री रंगा पर अनियमितता का आरोप लग रहा है जमीन आबंटन मामले को उद्योग विभाग के संचालक ने गंभीरता से लिया है और मामले की पूरी जानकारी के लिए मनेंद्रगढ़ स्थित जिला उद्योग एवं व्यापार केंद्र के महाप्रबंधक एम बड़ा को रायपुर तलब किया है। अब देखना यह होगा कि जांच मामले के तह तक जा पाती है या फिर ऊपरी तौर पर मामले में लीपापोती कर जांच को इतिश्री कर लिया जाएगा।

Categorized in: