कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने रीपा का किया निरीक्षण, महिलाओं और युवाओं को बेहतर काम करने किया प्रोत्साहित
रामगढ़ टूरिस्ट इनफार्मेशन सेंटर कॉम्प्लेक्स निर्माण की प्रगति का किया अवलोकन

अम्बिकापुर 29 अप्रैल 2023/
 कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने शुक्रवार को ग्राम पुहपुटरा और जजगा में रीपा यानी महात्मा गांधी रूरल इंडस्ट्रियल पार्क का निरीक्षण किया। पुहपुटरा रीपा में 10 से भी ज्यादा महिलाओं को टसर कोसा धागाकरण का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। महिलाएं धागाकरण की बारीकियां सीख चुकी हैं और अब उसका अभ्यास जारी है। कलेक्टर ने निरीक्षण कर महिलाओं से बात की और उनका फीडबैक लिया। महिलाओं ने बताया कि पहले घर के ही कामकाज में दिन बीतता था, पर अब यहां रीपा में अपना काम करेंगे। शासन की इस योजना से आत्मनिर्भर बनने का भरोसा और संबल मिला है। यहां बेकरी यूनिट की भी शुरुआत की जा रही है।
इसी तरह कलेक्टर ने ग्राम जजगा में भी रीपा अंतर्गत आजीविका गतिविधि संचालन का जायजा लिया। यहां ग्रामीण युवाओं द्वारा फ्लाई ऐश ब्रिक्स बनाने का काम किया जा रहा है। कलेक्टर ने ग्रामीणों से बात की और उन्हें बेहतर काम करने प्रोत्साहित किया। बता दें कि महात्मा गांधी रूरल इंडस्ट्रियल पार्क योजना के तहत छत्तीसगढ़ शासन महिलाओं और युवाओं को कौशल संपन्न बनाने की दिशा में काम कर रही है। सरगुजा जिले में 14 स्थानों पर रीपा का चयन किया गया है जहां स्थानीय ग्रामीणों को ऐसा प्लेटफॉर्म मिले जिससे जुड़कर गांवों की अर्थव्यवस्था मजबूत हो और लोगों को आर्थिक संबल मिले।
रामगढ़ टूरिस्ट इनफार्मेशन सेंटर कॉम्प्लेक्स निर्माण की प्रगति का किया अवलोकन- निरीक्षण के क्रम में कलेक्टर ने उदयपुर में रामगढ़ की पहाड़ी के पास बन रहे राम वनगमन पर्यटन परिपथ के  कार्यो का भी आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के  दौरान उन्होंने पर्यटन परिपथ में बन रहे टूरिस्ट इनफार्मेशन सेंटर कॉम्प्लेक्स तथा भगवान राम की मूर्ति स्थापना कार्य का अवलोकन किया। कार्य तेजी से प्रगति पर है। कलेक्टर ने सभी अधोसंरचनाओं सघन अवलोकन कर आवश्यक दिशा निर्देश अधिकारियों और ठेकेदार को दिए। उन्होंने कार्य की गुणवत्ता और इंटीरियर डिज़ाइन में विशेष ध्यान देने पर बल दिया। उन्होंने यहां विद्युत, पानी, ड्रेनेज आदि की व्यवस्था पर विस्तार से जानकारी ली। इसके साथ कैंपस की साफ़-सफ़ाई करने के निर्देश दिए।

Categorized in: