मनेंद्रगढ़ । एमसीबी जिला मुख्यालय मनेंद्रगढ़ के तहसील कार्यालय के बगल में विगत 16 मार्च से अपनी 1 सूत्रीय शासकीयकरण की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे पंचायत सचिवों ने मंगलवार  को धरना स्थल से कलेक्ट्रेट तक बाइक रैली निकालकर मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है । उक्त आशय की जानकारी देते हुए एमसीबी जिला पंचायत सचिव संघ के अध्यक्ष धनेश्वर राय ने बताया कि विगत 16 मार्च 2023 से अपनी 1 सूत्रीय शासकीयकरण की मांग को लेकर पूरे प्रदेश सहित एमसीबी जिले के सभी पंचायतों के पंचायत सचिव अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं लेकिन शासन प्रशासन के द्वारा कोई सुध नहीं लिया जा रहा है । कांग्रेस सरकार के द्वारा पंचायत सचिवों को शासकीयकरण करने की घोषणा की गई थी लेकिन आज तक पंचायत सचिवों को शासकीय कर्मचारी घोषित नहीं किया गया है जबकि कई बार इस संबंध में शासन का ध्यान आकर्षित कराया गया है । पंचायत सचिवों को उम्मीद थी कि वर्तमान बजट में पंचायत सचिवों को शासकीयकरण करने का प्रावधान रखा जाएगा लेकिन पंचायत सचिवों को वर्तमान बजट से भी निराशा हाथ लगी है जिसके कारण मजबूर होकर पंचायत सचिवों ने अपनी 1 सूत्रीय मांग शासकीयकरण को लेकर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन करने को मजबूर हुए हैं । हड़ताली पंचायत सचिवों ने मंगलवार को 1 सूत्रीय मांग शासकीय करण को लेकर धरना स्थल तहसील कार्यालय के पास से कलेक्टर कार्यालय तक बाइक रैली निकालकर अपनी आवाज बुलंद की और मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा । इस दौरान पंचायत सचिव संघ के जिला अध्यक्ष धनेश्वर राय, ब्लॉक अध्यक्ष गौरीशंकर शर्मा, सचिव संतलाल, रामसुभग सहित काफी संख्या में पंचायत सचिव उपस्थित रहे । पंचायत सचिवों के अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाने के कारण पंचायतों के कार्य प्रभावित हो रहे हैं और विकास के कार्य ठप पड़ गए हैं । लेकिन शासन इस दिशा में कोई ध्यान नहीं दे रहा है ।

Categorized in: