गोंडा। दुफेड़िया लच्छीपुर गांव में मंगलवार देर रात घूम रहे एक किसान को चोर समझकर लोगों ने पकड़ लिया और लाठी-डंडे से पीट-पीटकर उसे मरणासन्न कर दिया। परिवार के लोगों को पता चला तो वे किसान को घर लेकर आए। जहां बुधवार सुबह उसकी मौत हो गई। मामले में किसान के बेटे ने कोतवाली देेहात में दो सगे भाइयों समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
वजीरगंज के जमुवा नगवा गांव निवासी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि उसके पिता राकेश सिंह उर्फ बबूल (40) मानसिक रूप से बीमार थे। वह अक्सर घर से निकल जाते थे। मंगलवार रात उसके पिता घूमते हुए कोतवाली देहात क्षेत्र के दुफेड़िया लच्छीपुर गांव पहुंच गए। वहां ग्रामीणों ने चोर समझकर उसके पिता को बंधक बना लिया और पीट-पीटकर मरणासन्न कर दिया।
राकेश की तलाश में निकले परिजन दुफेड़िया लच्छीपुर गांव पहुंचे और मरणासन्न हालत में उसे कोतवाली देहात ले गए। विनोद का आरोप है कि पुलिस ने एफआईआर नहीं दर्ज की। बाद में पिता को घर लेकर गए। जहां बुधवार सुबह उनकी मौत हो गई।
एसपी आकाश तोमर ने बताया कि मृतक राकेश के बेटे विनोद की तहरीर पर कोतवाली देहात में दुफेड़िया लच्छीपुर गांव निवासी ओमप्रकाश सिंह, उसके भाई जयप्रकाश सिंह, जयप्रकाश के बेटे राजेश सिंह व राम अधार के खिलाफ बंधक बनाने और हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।

Categorized in: