बिश्रामपुर। क्षेत्र के ग्राम पंचायत द्वारिकानगर के गाड़ा झरिया में मामूली विवाद पर पत्नी ने पति के सिर पर फरसा से हमला कर दिया था, जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस द्वारा आरोपिया पत्नी को गिरफ्तार कर न्यायालय पेश कर दिया है। लटोरी पुलिस ने बताया कि ग्राम पंचायत द्वारिकानगर गाड़ाझरिया निवासी शिवधरन उर्फ धनु गोंड का गुरुवार की सुबह पत्नी राम बाई के साथ मामूली विवाद हो गया था। पुलिस ने बताया कि पति धनु जब सुबह महुआ बीनने के बाद वापस घर लौटा तब पत्नी ने कहा कि खाना खा लो। तब पति ने कहा कि बकरा को बेचकर पैसा अकेले रख लेती हो कहकर विवाद करने लगा। इसी बात से नाराज होकर पत्नी ने घर में रखे फरसा से पति के सिर पर कई वार कर दिए थे। गंभीर हालत में पति धनु गोंड को मेडिकल कालेज अस्पताल अंबिकापुर में उपचार हेतु भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान देर रात में पति की मौत हो गई। पुलिस द्वारा घटना के बाद से फरार आरोपी पत्नी राम बाई की तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस ने बताया कि आरोपिया महिला घटना के बाद अंबिकापुर के लक्ष्मीपुर में स्थित अपने बहन की बेटी के घर के चली गई थी। आज सुबह वहां से भी निकलकर भागने की फिराक में थी, तभी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी करते हुए आरोपिया महिला 55 वर्षीय राम बाई को गिरफ्तार कर न्यायालय पेश कर दिया है। पुलिस द्वारा आरोपी महिला के खिलाफ धारा 302 के तहत कार्रवाई की है। बताया जा रहा है कि आरोपी दंपत्ति निःसंतान थे, जिस वजह से पति द्वारा आएदिन विवाद कर व्यंग्य कसते हुए विवाद किया जाता था, इस वजह से आरोपी महिला द्वारा उक्त घटना को अंजाम दिए जाने की बात क्षेत्रवासियों द्वारा बताई जा रही है। कार्रवाई में लटोरी चौकी प्रभारी धनंजय पाठक, सहायक उपनिरीक्षक अरविंद सिंह, प्रधान आरक्षक उदय सिंह, पिंगल मिंज, आरक्षक अंबिका, नन्दू राजवाड़े, शोभनाथ कुशवाहा, महिला आरक्षक शांति, पदमा व अन्य सक्रिय रहे।

Categorized in: