मनेंद्रगढ़ । एमसीबी जिला मुख्यालय मनेंद्रगढ़ में पिछले 16 मार्च 2023 से शासकीयकरण की एक सूत्रीय मांग को लेकर हड़ताल कर रहे पंचायत सचिवों ने हनुमान जन्मोत्सव के दिन गुरुवार को शहर के नदी पर स्थित टेकरी हनुमान मंदिर में जाकर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को सद्बुद्धि दिलाने के लिए  हनुमान चालीसा व सुंदरकांड का पाठ किया है । हड़ताली पंचायत सचिवों ने कहा कि पंचायत सचिवों को शासकीयकरण करने का वादा कर अपने वादे से मुकर रहे मुख्यमंत्री को हनुमान जी सद्बुद्धि प्रदान करें । पंचायत सचिव पिछले 16 मार्च से अपनी 1 सूत्रीय मांग को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं जिसके कारण पंचायत की व्यवस्था चौपट हो गई है । पंचायत भवनों में ताले लटके हुए हैं तथा पंचायत संबंधी सभी कार्य ठप पड़े हुए हैं । पंचायत सचिवों का कहना है कि वे इस बार आर पार की लड़ाई लड़ने के मूड में है । सरकार जब तक उन्हें शासकीय कर्मचारी घोषित नहीं कर देती है तब तक वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर डटे रहेंगे ।

Categorized in: