मनेंद्रगढ़ के सुरभि पार्क में मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह का हुआ आयोजन

मनेंद्रगढ़ (एमसीबी) । राज्य सरकार ने जनता की बेहतरी के लिए कई बेहतर योजनाएं बनाई है जिनमे से एक है मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना जिसका फायदा राज्य के हर वर्ग के गरीब व्यक्ति को मिल रहा है । एमसीबी जिला मुख्यालय मनेंद्रगढ़ के सुरभि पार्क में शनिवार को मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह का आयोजन महिला बाल विकास विभाग मनेंद्रगढ़ द्वारा किया गया जिसमें 41 जोड़ों ने अग्नि के सात फेरे लेकर परिणय सूत्र बंधन में बंधे । सामूहिक विवाह कार्यक्रम में सामाजिक संस्थाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और नव दंपति जोड़े को अपना आशीर्वाद के साथ साथ उनके जीवन में उपयोग आने वाली वस्तुओं का दान भी किया । एसईसीएल के जागृत महिला समिति हसदेव मंडल की महिलाओं के द्वारा सभी 41 जोड़े को 1 – 1 सीलिंग फैन प्रदान किया गया । वन विभाग के द्वारा बर्तन गिफ्ट दिया गया । स्वास्थ्य विभाग के द्वारा भी नव दंपति को सामान दिया गया । इसी तरह मनेंद्रगढ़ विधायक के द्वारा सभी 41 नव दंपति जोड़े को लिफाफा प्रदान किया गया और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की गई । भरतपुर सोनहत विधानसभा के विधायक गुलाब कमरों के द्वारा भी नव दंपति जोड़े को आशीर्वाद व गिफ्ट प्रदान किया गया । वही महिला बाल विकास विभाग के द्वारा प्रत्येक जोड़े को 25000 रुपए नगद व सामान सहित प्रदान किया गया । सुरभि पार्क में मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया । सामूहिक बरात बाजे गाजे व आतिशबाजी के साथ हरियाणा भवन से निकलकर सुरभि पार्क पहुंची जहां पर सामूहिक विवाह पुरोहितों के द्वारा संपन्न कराया गया । इस अवसर पर अतिथि के रुप में मनेंद्रगढ़ विधायक डॉ विनय जायसवाल, भरतपुर सोनहत विधायक गुलाब कमरों, नगर पालिका अध्यक्ष प्रभा पटेल, नगरपालिका उपाध्यक्ष कृष्ण मुरारी तिवारी, नगर पंचायत अध्यक्ष रजनीश पांडे, उपाध्यक्ष सत्तार अली, जनपद अध्यक्ष डॉ विनय शंकर सिंह, कलेक्टर पी एस ध्रुव, पुलिस अधीक्षक टीआर कोशिमा, एसडीएम अभिषेक कुमार, डीएफओ लोकनाथ पटेल, तहसीलदार अशोक सिंह, श्रीकांत पांडे सहित काफी संख्या में गणमान्य जन, जनप्रतिनिधि व नव दंपति जोड़े के साथ आये परिजन उपस्थित रहे । इस अवसर पर मनेंद्रगढ़ विधायक डॉ विनय जायसवाल ने अपने नए वैवाहिक जीवन में प्रवेश करने वाले सभी 41 नवदंपति जोड़े को अपनी बधाई व शुभकामनाएं देते हुए कहा कि निर्धन कन्याओं के लिए मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना वरदान है। इस योजना के माध्यम से फिजुल खर्च एवं दहेज प्रथा जैसे कुरीतियों को समाप्त करने का एक अच्छा माध्यम है। अब ऐसे कन्याओं के माता-पिता को आर्थिक समस्याओं का सामना नहीं करना पड़ रहा। शादी सामजिक जीवन में एक महत्वपूर्ण अंग है। यह वर-वधु का नहीं बल्कि दो दिलों का मिलन और दो परिवारों का एक होना भी है। उन्होंने कहा कि समाज में हम सब की महत्वपूर्ण भूमिका होती है, चाहे वो सामाजिक, संस्कृति, आर्थिक किसी भी क्षेत्र में हो। हम सबको मिल-जुलकर अपने दायित्वों का निर्वहन करना होता है। राज्य सरकार ने जनता की बेहतरी के लिए कई बेहतर योजनाएं बनाई है जिनमे से एक है मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना जिनका फायदा राज्य के हर वर्ग के गरीब व्यक्ति को मिल रहा है। साथ ही कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन एवं महिला बाल विकास विभाग की टीम को भी बधाई एवं शुभकामनाएं दी। मनेंद्रगढ़ विधायक ने कहा कि जब आगे ऐसे सामूहिक कन्या विवाह कार्यक्रम हो तब नेता, जनप्रतिनिधि व अधिकारी नहीं बल्कि समूचा मनेंद्रगढ़ आए और उनको आशीर्वाद प्रदान करें तो वह पल और भी कुछ होगा कन्यादान से बड़ा और कोई दान नहीं होता है । नव दंपति जोड़े को एमसीबी कलेक्टर पीएस ध्रुव, भरतपुर सोनहत विधायक गुलाब कमरों ने भी आशीर्वाद प्रदान कर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की ।

Categorized in: