बचाने पहुंचे लोग, लेकिन हो गई मौत

गिरजा ठाकुर


अंबिकापुर। शहर के कोतवाली थाना अंतर्गत खैरबार में शाम को टहलने के लिए निकले वृद्ध पर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। आसपास मौजूद लोगों ने कंबल ओढ़ाकर और पानी छींटकर वृद्ध को बचाने की कोशिश की लेकिन मधुमक्खियों के हमले में वे बुरी तरह से घायल हो गए थं। वृद्ध को राजमाता श्रीमति देवेंद्र कुमारी सिंहदेव शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध अस्पताल में भर्ती कराया गया था, यहां 14 मार्च की सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। बुजुर्ग के संतान नहीं हैं, ऐसे में मोहल्ले के सोनी परिवार नेे उनका अंतिम संस्कार किया।
जानकारी के मुताबिक घुटरापारा, मायापुर निवासी नंदलाल विश्वकर्मा 60 वर्ष अपनी पत्नी के साथ रहते थे, उनकी कोई संतान नहीं है। सोमवार की शाम करीब 5.30 बजे नंदलाल घूमने के लिए घर से निकले। खैरबार पुलिया के पास अचानक मधुमक्खियों का झुंड उन पर टूट पड़ा। पल भर में काफी संख्या में मधुमक्खियों ने उनके शरीर को जगह-जगह जख्मी कर दिया। वृद्ध इस दौरान शोर मचाते रहे, उन्होंने मधुमक्खियों को लिपटे देख कपड़े भी खोल दिए। वृद्ध का शोर सुनकर कुछ लोग हिम्मत करके वृद्ध को बचानेे दौड़े, लेकिन मधुमक्खियों ने वृद्ध की हालत खराब कर दी थी। वृद्ध को बचाने दौड़ी एक महिला को भी मधुमक्खियों ने काटकर घायल कर दिया। इन सबके बीच मोहल्ले के ही जीवित सोनी व रवि सोनी ने कंबल ओढ़ाया और मोहल्ले के लोगों के सहयोग से पानी का छिड़काव करके वृद्ध को बचाया, जिससे मधुमक्खियां वहां से भाग गई। दोनों युवकों ने वृद्ध को कपड़ा पहनाया और ऑटो मेें लेकर मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों ने वृद्ध को भर्ती कर इलाज किया, लेकिन मंगलवार की सुबह आठ बजे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद उनकी पत्नी को मोहल्ले के लोगों की मौजूदगी में सौंपा।
मोहल्ले के लोगों ने दिखाई सहृदयता
मृतक नंदलाल विश्वकर्मा के परिवार में सिर्फ उनकी पत्नी थी। शव लेकर जब वे घर पहुंचे तो अंतिम संस्कार कैसे होगा, यह समस्या आड़े आ गई। ऐसे में पड़ोस में रहने वाले जगमोहन सोनी व उनके पुत्रों ने मोहल्लेवासियों के साथ मिलकर वृद्ध का अंतिम संस्कार किया। मधुमक्खियों के हमले की इस घटना के बाद मोहल्ले के लोग भी सहमे हुए हैं।

Categorized in: