पंचायत कर टार्चर करने व घर से बाहर सामान फेंकने की शिकायत पुलिस व प्रशासन से


पुत्र व लड़की की हत्या कर शव के टुकड़े गांव में बांटने की मिली धमक


अंबिकापुर। सरगुजा जिले के लुंड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अगासी के एक युवक का गांव की ही युवती से प्रेम संबंध था। दोनों ने भागकर सगाई, शादी कर ली। इसके बाद युवक के परिवार के सदस्यों को मानसिक, शारीरिक रूप से टार्चर करने का सिलसिला कुछ लोगों के कारण शुरू हो गया। यही नहीं गांव में पंचायत के बाद इन्हें खुलेआम युवक और लड़की की हत्या कर शव के सौ टुकड़े करने और गांव में बांटने की धमकी दी गई, वहीं इनके स्वामित्व के घर से सामान बाहर फेंककर उसमें ताला जड़ दिया गया। घर में चार माह की बच्ची के साथ मौजूद मां उसे खाना खिला रही थी, जिसका निवाला तक छीन लिया गया। गांव में पानी भरने तक की पाबंदी इस परिवार पर लगा दी गई। इनके साथ गांव का कोई भी व्यक्ति नाता ना रखे इसकी शपथ ली गई। ऐसे में अपना घर रहते हुए भी यह परिवार बेघर हो गया। लुंड्रा पुलिस का सहयोग नहीं मिलने से क्षुब्ध यह परिवार दर-दर की ठोकर खा रहा है। इसकी जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को भी दी गई है। पुलिस अधीक्षक के नाम सौंपे गए ज्ञापन में पीडि़त परिवार ने बताया है आरोपितों के द्वारा प्रधानमंत्री आवास को तोडऩे की भी धमकी दी गई है।    
पंचायत के बाद घर ले जाकर मारपीट की
सरगुजा पुलिस अधीक्षक को दिए गए शिकायत पत्र में लुंड्रा थाना क्षेत्र के ग्राम अगासी की सरस्वती अगरिया पति बृजमोहन ने बताया है कि उसके पुत्र जगेश्वर का गांव की एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। कुछ दिन पूर्व दोनों सगाई कर लिए और दूसरे गांव में रह रहे हैं। रविवार को इस बात को लेकर गांव में पंचायत हुई, यहां उन्हें प्रताडि़त करने के साथ ही घर ले जाकर मारपीट की गई। उनके घर का पूरा सामान बाहर फेंक दिया गया। गांव वालों को शपथ दिलाई गई कि कोई भी इस परिवार से संबंध नहीं रखेगा। आरोप है कि बेघर होने के बाद जब वे थाना पहुंचे तो पुलिस उन्हें वहां से भगा दीा। इसके बाद युवक के स्वजन सोमवार को देर शाम अंबिकापुर पहुंचे और कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक को शिकायत पत्र सौंपकर न्याय की प्रतीक्षा में हैं।
युवती अपनी मर्जी गई है साथ
सरस्वती अगरिया का कहना है कि उसके पुत्र के साथ युवती भी अपनी मर्जी से गई है। आरोप है गांव का इंजोर दास पूरे गांव के लोगों को उनके परिवार के खिलाफ भड़काकर धमकी-चमकी देने में लगा है। रविवार को इंजोर दास, रविचंद्र, रामजीवन, अशोक, सिमम दास, मंगल, सोमार साय व उरदयाल समेत एक दर्जन लोगों ने उसके पति, बहू-बेटे व मासूम नाती के साथ मारपीट की और घर का सारा सामान बाहर फेंक दिया। इनके द्वारा पूरे परिवार के सदस्यों की हत्या कर देने की धमकी दी है। यह भी कहा कि मामले की शिकायत कहीं भी करो, उनका कुछ नहीं होगा।
इसलिए की गई बदसलूकी व मारपीट
शिकायत पत्र में पीडि़त स्वजनों ने बताया है कि रविवार को हुई घटना के बाद उन्होंने डॉयल 112 में फोन करके पुलिस की मदद लेनी चाही तो दो आरक्षक पहुंचे थे। यहां मौजूद इंजोर दास इन्हें थाना प्रभारी का नंबर दिखाया, इसके बाद वे चले गए। सोमवार को पुन: इंजोर दास ने गांव में पंचायत बुलाकर उन्हें अपने पुत्र और लडकी को बुलाने के लिए कहा। उन्होंने जब कहा कि दोनों कहां हैं, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है तो बदसलूकी करते हुए पुनश्च मारपीट की गई। इसकी जानकारी देने वे जब लुंड्रा थाना गए तो दरोगा ने उन्हें भगा दिया।

Categorized in: