नई दिल्ली– त्रिपुरा विधानसभा चुनाव के लिए आज मतदान हो रहा है। प्रदेश की सभी 60 सीटों पर वोटिंग गुरुवार सुबह सात बजे शुरू हो गई थी। त्रिपुरा में अभी भाजपा गठबंधन सत्ता में है। भाजपा को हराने के लिए लेफ्ट और कांग्रेस मिलकर चुनाव लड़ रही है। त्रिपुरा विधानसभा चुनाव से जुड़ी 10 बड़ी बातें आपको बताते हैं।

  1. सीपीएम ने 30 सालों से भी ज्यादा समय तक त्रिपुरा की सत्ता पर राज किया है। भाजपा ने 2018 में बड़ा उलटफेर करते हुए चुनाव में जीत दर्ज की थी। बीते चुनाव में भाजपा के हाथों में 36 सीटें आई थी।
  2. भाजपा ने बीते विधानसभा चुनाव में इंडिजिनस प्रोग्रेसिव फ्रंट ऑफ त्रिपुरा (आईपीएफटी) के साथ गठबंधन किया था। आईपीएफटी को चुनाव में आठ सीटें हासिल हुई थी।
  3. मौजूदा विधानसभा चुनाव में सीपीएम और कांग्रेस के बीच गठबंधन हुआ है। सीपीएम 47 सीटों, जबकि कांग्रेस सिर्फ 13 सीटों पर चुनाव लड़ रही है।
  4. तीन दशक से ज्यादा समय तक त्रिपुरा की सत्ता में रही सीपीएम ने बीते चुनाव में सिर्फ 16 सीटें हासिल की थी। वहीं, इससे पिछले चुनाव में मुख्य विपक्षी पार्टी रही कांग्रेस 2018 में अपना खाता भी नहीं खोल सकी। सीपीएम को उम्मीद है कि उसके गठबंधन को 13 सीटों पर फायदा मिलेगा।
  5. टिपरा मोथा पार्टी भाजपा की मुश्किलें बढ़ा सकती है। पार्टी अध्यक्ष माणिक्य देब बर्मा ‘ग्रेटर टिपरालैंड’ की मांग कर रहे हैं। वहीं, भाजपा की सहयोगी पार्टी आईपीएफटी की पकड़ ढीली होती भी दिख रही है। इस बार उसे लड़ने के लिए पांच सीटें ही मिली हैं।
  6. त्रिपुरा के शाही परिवार के प्रद्योत किशोर माणिक्य देबबर्मा की नई पार्टी टिपरा मोथा भी पहली बार चुनावी मैदान में है। टिपरा मोथा के चुनावी मैदान में उतरने से मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है।
  7. भाजपा ने शुरुआत में टिपमा मोथा के साथ तालमेल की कोशिशें की थी। हालांकि, भाजपा ने कहा था कि वो त्रिपुरा का विभाजन नहीं चाहेगी। इसके बाद दोनों दलों के बीच तल्खियां बढ़ गई थीं। भाजपा ने कहा था कि टिपरा मोथा सीपीएम-कांग्रेस की बी टीम है।
  8. प्रद्योत किशोर माणिक्य देबबर्मा ने पलटवार करते हुए कहा था कि भाजपा नगालैंड में बी टीम है। मेघालय, शिलॉन्ग और गारो हिल्स में वह किसी अन्य पार्टी की बी टीम है। मिजोरम में किसी अन्य पार्टी की बी टीम है। तमिलनाडु में आप एआईएडीएमके की बी टीम है। पंजाब में आप अकाली दल की बी टीम है। भारत में बीजेपी कई दलों की बी टीम है।
  9. असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि भाजपा उत्तर-पूर्व के तीनों राज्यों में हो रहे विधानसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करेगी।
  10. मेघालय और नगालैंड में 27 फरवरी को विधानसभा चुनाव होंगे। त्रिपुरा समेत तीनों राज्यों में चुनाव के नतीजे दो मार्च को आएंगे।

Categorized in: