0 बैठक में तेजी से मामलों के निपटारे का निर्देष
सूरजपुर। पुलिस अधिकारियों की बैठक शनिवार को पुलिस कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित की गई। जिसमें पुलिस अधीक्षक राजेश कुकरेजा’ ने थाना प्रभारियों से उनके थानों में लंबित मामलों की जानकारी ली और धोखाधड़ी के मामलों में फरार आरोपियों की पतासाजी कर जल्द गिरफ्तार करने, नागरिक किसी के झांसे में आकर धोखाधड़ी का शिकार न हो इसके लिए विभिन्न माध्यमों के जरिए प्रचार-प्रसार करने, जमीन संबंधी विवाद पर तत्काल प्रतिबंधात्मक कार्यवाही करने के साथ ही यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को कहा कि घटना-दुर्घटना एवं अपराध की सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंचे और टीमवर्क के तहत कार्य करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक’ ने पुलिस अधिकारियों को अपराधों की विवेचना स्मार्ट एवं इंटेलिजेंट पुलिसिंग के तहत करने के निर्देश दिए ताकि प्रकरण के आरोपी को उचित दण्ड मिले और पीड़ित को सही न्याय। उन्होंने कहा कि महिलाओं एवं बच्चों के उत्पीड़न से संबंधित प्रकरणों की विवेचना में समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए, पुलिस से नागरिकों की अपेक्षा रहती है कि पुलिस बेहतर ढंग से काम करें ताकि वे सुरक्षित रहे, अपराधों पर अंकुश लगाने आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर कड़ी नजर रखते हुए क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग एवं प्रभावी गश्त मुस्तैदी से करने एवं अवैध कारोबार की जड़ तक जाकर उन्हें समाप्त करने के निर्देश दिए। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर, सीएसपी जे.पी.भारतेन्दु, एसडीओपी प्रेमनगर प्रकाश सोनी, एसडीओपी ओड़गी मंजूलता बाज, एसडीओपी प्रतापपुर राकेश पाटनवार, थाना-चैकी प्रभारी सहित पुलिस कार्यालय के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
