पुलिस ने इसे मानवीय पहलू, स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने अनुचित करार दिया  


व्यापारी संघ की बैठक के बाद चली केक पार्टी

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के लखनपुर थाने में भाजपा नेता व नगर पंचायत के पूर्व एल्डरमैन का जन्मदिन मनाना सुर्खियों में है। इसका एक वीडियो इंटरनेट मीडिया में खूब सुर्खियां बटोर रहा है। वीडियो में थानेदार डीएसपी डॉ.प्रशांत देवांगन नेताजी को केक खिलाते नजर आ रहे हैं, वहीं मौजूद लोगों की हैप्पी बर्थडे की गूंज के बीच तालियां बज रही हैं। मामला सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन की ओर से किसी नेता के जन्मदिन मनाने का खंडन किया गया है और सफाई देते हुए इसे मानवीय पहलू व सामुदायिक पुलिसिंग से जुड़ा बता रही है। इसके पहले कोतवाली थाना में वर्ष 2020 में एक आरक्षक का जन्मदिन कथित रूप से धोखाधड़ी के आरोपी के द्वारा मनवाने का मामला सामने आया था, जिससे खलबली मच गई थी। इस दौरान हुई कार्रवाई की याद एक बार पुन: ताजा हो गई है। प्रदेश के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के मंत्री टीएस सिंहदेव ने सरकारी ओहदे में इस प्रकार जन्मदिन मनाने को अनुचित करार दिया है। थाने में जन्मदिन मनाने का जो वीडियो वायरल हुआ है, उसमें स्पष्ट देखने को मिल रहा है कि लखनपुर थाने के थानेदार व डीएसपी डॉ.प्रशांत देवांगन थाने में भाजपा नेता प्रदीप साहू का जन्मदिन पर केक काटते समय पास ही मौजूद हैं, नेताजी को बधाई दी यहां तक तो ठीक है, केक काट कर नेताजी को खिला भी रहे हंै। बहरहाल जिले की कानून व्यवस्था को सुधारने सामुदायिक पुलिसिंग की पहल के बीच थाने मेें नेताजी का जन्मदिन मनाना सुर्खियों में हैं।


स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने कहां
प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंह देव ने थाने में केक काटकर जन्मदिन मनाने को लेकर कहा है कि कोई भी दल के हों, सरकारी ओहदे में निजी कार्यक्रम नहीं होने चाहिए। अगर ऐसा हुआ है तो चेतावनी दी जानी चाहिए। ऐसा नहीं है कि भाजपा के नेता हैं, कांग्रेस के नेता भी अगर हैं, तो वो भी उतना ही गलत है। किसी शासकीय संस्था के अधिकारी के क्वार्टर में जाकर काटेंगे, उनके निजी संबंध्रा हैं, तो यह बात अलग है। सार्वजनिक शासकीय स्थल पर निजी आयोजन करना अनुचित है।
पुलिस ने प्रेस नोट जारी कर कुछ ऐसे दी सफाई
पुलिस की ओर से जारी प्रेस नोट में कहा गया है कि लखनपुर थानांतर्गत कई महत्वपूर्ण विषयों को लेकर व्यापारी संघ की बैठक लखनपुर थाने में आयोजित की गई थी, बैठक में व्यापारी संघ लखनपुर के सदस्य सहित थाना लखनपुर के पुलिस अधिकारी व कर्मचारी शामिल थे। बैठक का प्रमुख उद्देश्य व्यापारी संघ के सहयोग से क्षेत्र में बेहतर पुलिसिंग, यातायात व्यवस्था का सुचारु संचालन सहित अपराध नियंत्रण हेतु सीसीटीवी कैमरे का संचालन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर आधारित था, जिसका आपसी चर्चा कर समस्या का निराकरण करना था। बैठक में सभी विषयों पर चर्चा की गई। बैठक की समाप्ति के दौरान व्यापारी संघ के एक सदस्य का जन्मदिन होने की बात थाना प्रभारी एवं उपस्थित जनों को बताई गई। मानवीय पहलू को ध्यान में रखकर व्यापारी वर्ग से बेहतर समन्वय करने हेतु व्यापारी संघ के सदस्य का मुंह मीठा कराया गया एवं जन्मदिन की सामान्य शुभकामनाएं दी गई। अंत में पुलिस प्रशासन की ओर से कहा गया है उक्त कार्यक्रम को लेकर कुछ मीडिया चैनल द्वारा एक राजनैतिक व्यक्ति का जन्मदिन थाना परिसर में मनाने की भ्रामक खबर चलाई जा रही है, जिसका सरगुजा पुलिस खंडन करती है।

Categorized in: