मोटरसाइकिल
चोरी की मोटरसाइकिल में घूमते मिले चोरों को घेराबंदी कर पकड़ी पुलिस, तो हुआ पर्दाफास  
फोटो-
छ.ग.फ्रंटलाइन
अंबिकापुर। दुपहिया वाहन चोरी के मामले में पुलिस ने दो शातिर चोरों को पकड़ा है। थाना कोतवाली व चौकी मणीपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में शहर से 06 एवं पस्ता बलरामपुर से चोरी गई एक दुपहिया वाहन बरामद करने में पुलिस को सफलता मिली है। गिरफ्तार आरोपी कृष्णा उर्फ गोलू खुटिया पूर्व में चोरी, लूट के मामले में जेल जा चुका है। दोनों आरोपी नशे के आदी हैं।
अंबिकापुर शहर व सरगुजा संभाग से हो रही वाहनों की सिलसिलेवार चोरी को ध्यान में रखते हुए पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग के मार्गदर्शन में पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के द्वारा विशेष टीम का गठन कर शातिर चोरों की तलाश की जा रही है। इसी तारतम्य में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला, नगर पुलिस अधीक्षक स्मृतिक राजनाला, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अखिलेश कौशिक के नेतृत्व में वाहन चोरों की तलाश में लगे प्रभारी कोतवाली उपनिरीक्षक रूपेश नारंग, चौकी प्रभारी मणीपुर उपनिरीक्षक सरफराज फिरदौसी, दुपहिया वाहन चोरी के संदिग्धों का डाटा संकलन किया। वे संदिग्धों की लगातार निगरानी के साथ मुखबिरों से भी इनके गतिविधियों की जानकारी लेने में लगे हैं। निगरानी के बीच मणीपुर पुलिस को पूर्व में कई चोरी के मामलों में शामिल आरोपियों के मठपारा में किसी काम से आने की सूचना मिली। पुलिस टीम इन्हें घेराबंदी करके पकड़ी और पूछताछ की तो उन्होंने अपना नाम आदित्य चौधरी उर्फ चाबा निवासी बधियाचुआं एवं कृष्णा खुटिया उर्फ गोलू निवासी कांतिप्रकाशपुर बताया। आरोपियों के कब्जे से मिली दुपहिया वाहन के बारे में पूछताक्ष करने पर उन्होंने बलरामपुर जिले के पस्ता से चोरी करके लाने की जानकारी दी। कड़ाई से पूछताक्ष करने पर सामने आया कि दोनों आरोपियों ने अंबिकापुर शहर से छह दुपहिया वाहनों की चोरी की है। कार्रवाई में कोतवाली प्रभारी उपनिरीक्षक रूपेश नारंग, चौकी प्रभारी मणीपुर उपनिरीक्षक सरफराज फिरदौसी, सहायक उप निरीक्षक भूपेश सिंह, विवेक पांडेय, ललन गुप्ता, प्रधान आरक्षक विपिन तिवारी, संतोष उपाध्याय, अजय पांडेय, विजय रवि, आरक्षक अमित विश्वकर्मा, इम्तियाज अली, अतुल शर्मा, जयदीप सिंह एवं सायबर सेल का विशेष योगदान रहा।
इन स्थानों से की वाहन चोरी
आरोपियों ने पूछताछ में हरिमंगलम शादी घर के पास से एक एक्टिवा स्कूटी, दर्रीपारा में घर के सामने से एक होण्डा साइन, ओपीएस स्कूल के सामने से एक एक्टिवा स्कूटी, परिडा नर्सिंग होम के सामने से एक सीबी साइन, रिंग रोड नमनाकला से एक नग स्पलेंडर एवं लखनपुर खेल मैदान से एक पैशन प्रो चोरी करना स्वीकार किया। दोनों आरोपियों के घर एवं अन्य जगहों पर छिपाकर रखे गए सात नग दुपहिया वाहन को जब्त किया गया है। इनमें पस्ता से चोरी की गई एक डीलक्स मोटरसाइकिल भी शामिल है, जिसका उपयोग करते ये पकड़े गए।
वाहन चोरी के मामलों में गंभीर पुलिस
पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों से आए दिन होने वाली दुपहिया वाहनों की चोरी के मामलों को गंभीरता से लेने कहा है। उन्होंने सभी थाना व चौकी प्रभारियों को आगाह कराया है कि पुराने वाहन चोरी के प्रकरणों में शामिल लोगों पर नजर रखें। इनकी गतिविधियों का स्वयं तो आंकलन करें ही, मुखबिरों से मिलने वाली सूचना पर त्वरित तफ्तीश करें ताकि इन्हें कहीं भागने या अन्य अपराधिक वारदातों को करने का अवसर न मिले। उन्होंने बताया पुलिस टीम अन्य वाहन चोरी के मामलों में शामिल आरोपियों के पता-तलाश में लगी है। जल्द ही वाहन चोरी के कई मामले का पर्दाफास सरगुजा पुलिस करेगी।

Categorized in: