महिला की रिपोर्ट पर तकनीकि साक्ष्य जुटा गुना से आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ी पुलिस  

अंबिकापुर। सरगुजा पुलिस द्वारा महिला उत्पीडऩ के मामलों में त्वरित कार्रवाई की जा रही है, इसी कड़ी में थाना गांधीनगर की पुलिस ने गूंज अभियान के तहत आपत्तिजनक फोटो व वीडियो भेजकर प्रताडि़त करने वाले आरोपी को गुना मध्यप्रदेश से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी से घटना में प्रयुक्त मोबाइल एवं सिम जप्त किया है।
महिला ने गांधीनगर थाने में किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसके मोबाइल पर सोशल मीडिया के माध्यम से आपत्तिजनक फोटो व वीडियो भेजने एवं वीडियो कॉल कर मानसिक रूप से प्रताडि़त करने की जानकारी दी थी, जिस पर धारा 509 (ख) भादवि का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मामले के आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे, जिस पर प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक डॉ.प्रशांत देवांगन के नेतृत्व में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक कलीम खान मामले की जांच, विवेचना कर विशेष टीम गठित कर आरोपी को गिरफ्तार करने साइबर सेल से तकनीकि जानकारी प्राप्त किए और पुलिस टीम को गुना मध्यप्रदेश भेजा था। पुलिस टीम नेे आरोपी ललित मीना निवासी गुना मध्यप्रदेश को घेराबंदी कर पकड़ा और घटना के संबंध में पूछताछ की, तो उसने अपने मोबाइल से महिला के मोबाइल नंबर पर सोशल मीडिया के माध्यम से आपत्तिजनक फोटो,  वीडियो भेजना और वीडियो कॉलिंग कर मानसिक रूप से प्रताडि़त करना स्वीकारा। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। कार्रवाई में प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक डॉ.प्रशांत देवांगन, थाना प्रभारी निरीक्षक कलीम खान, सउनि डीएन यादव, महिला प्रधान आरक्षक राधा यादव, आरक्षक अरविंद उपाध्याय, अमृत सिंह शामिल रहे।

Categorized in: