वन वाटिका परिसर में स्थित वन-धन विकास केंद्र में मना गौरव दिवस
रामानुजगंज। वन वाटिका परिसर में स्थित वन-धन विकास केंद्र में वन विभाग के द्वारा विधायक बृहस्पत सिंह, कलेक्टर विजय दयाराम के, डीएफओ विवेकानंद झा, उप वनमंडलाधिकारी अशोक तिवारी की उपस्थिति में छत्तीसगढ़ सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने पर गौरव दिवस मनाया गया। इस दौरान हाथी प्रभावित छह परिवारों को मुआवजा वितरण व वनाधिकार पट्टा आठ हितग्राहियों को दिया गया।
विधायक बृहस्पत सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार के चार वर्ष बेमिसाल रहे। आज हर चेहरे पर सरकार के कार्यों से मुस्कान है। पूरे भारत में छत्तीसगढ़ मात्र ऐसा प्रदेश है, जहां चावल एक रुपये किलो सरकार देती है एवं धान 26.40 रुपये किलो खरीदती है। क्षेत्र में पुल-पुलिया, सड़क के तो ऐतिहासिक कार्य हुए हैं वहीं शिक्षा, स्वास्थ्य के लिए विशेष कार्य हो रहे हैं।
कलेक्टर विजय दयाराम के ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार के गौरवशाली चार वर्षों में हर वर्ग एवं हर व्यक्ति को शासन की योजनाओं का लाभ मिला है। कलेक्टर ने कहा कि विधायक के प्रयासों से रामानुजगंज विधानसभा में 60 करोड़ का पुल निर्माण कार्य स्वीकृत हुआ है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल लगातार छत्तीसगढ़ वासियों की समृद्धि एवं विकास के लिए कार्य कर रहे हंै। जिले का स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल प्रदेश के टॉप फाइव स्कूलों में सम्मिलित हुआ है। डीएफओ विवेकानंद झा ने कहा आज जिले के सभी गौठान, आवर्ती चढ़ाई में छत्तीसगढ़ सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने पर गौरव दिवस मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि तेंदूपत्ता संग्राहक को 25 सौ रुपये मानक बोरा से 4000 मानक बोरा की राशि का भुगतान किया जा रहा है। समर्थन मूल्य पर खरीदे जाने वाले लघु वनोपज की संख्या पहले सात थी जो अब 65 हो गई है। वन विभाग के द्वारा जिले में नरवा संवर्धन के लिए उल्लेखनीय कार्य किए गए हैं। उन्होंने वन विभाग की कई महत्वपूर्ण योजनाओं एवं जिले में हुए विकास कार्यों से अवगत कराया। इस दौरान कृषि उपज मंडी समिति के सचिव वीरेंद्र ठाकुर, नगर पंचायत उपाध्यक्ष बजरंग गुप्ता, अशोक जयसवाल, किसान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष विकास दुबे, रेंजर संतोष पांडेय सहित काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन उप वनमंडलाधिकारी अशोक तिवारी ने किया। इस दौरान प्रोजेक्टर के माध्यम से वन विभाग के द्वारा नरवा संवर्धन के लिए हुए कार्यों को दिखाया गया।

Categorized in: