अंबिकापुर। शहर में सिलसिलेवार चोरी के मामले सामने आ रहे हैं। चोरों की निगाह ऐसे मकानों में रहती है, जहां ताला लटका हो। कड़कड़ाती ठंड के बीच शादी-विवाह के सीजन में इनकी सक्रियता और बढ़ गई है। शहर का कोई भी ऐसा इलाका नहीं है, जहां चोरों ने धावा न बोला हो। कोतवाली थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 22 में 24 घंटे के अंतराल में चोरों ने तीन घरों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। एक घर में चोरी करने के बाद चोरों ने आग लगा दी, जिससे घर में रखा अधिकांश सामान जलकर खाक हो गया। चोर अपने साथ कीमती सामान लेकर चलते बने। इसकी जानकारी कोतवाली थाने में दी गई है, जिस पर पुलिस जांच, कार्रवाई में जुटी है।


जानकारी के मुताबिक वार्ड क्रमांक 22 में चांदनी चौक के पास रहने वाले अनिल शर्मा पारिवारिक कार्यक्रम में बिहार गए थे। इस दौरान फोन के माध्यम से सूचना मिली कि घर में आग लग गया है। अंबिकापुर पहुंचने पर जब उन्होंने घर में रखे सामानों का मिलान किया तो पता चला कि टीबी, कूलर, फ्रिज, सोने और चांदी के जेवरात गायब हैं। शेष सामानों को चोरों ने आग लगा दिया था। वार्ड पार्षद ने अग्निशामक दस्ते को इसकी सूचना दी। मकान स्वामी ने दो लाख रुपये से अधिक के सामानों की चोरी के साथ घर से आगजनी से भारी क्षति पहुंचने की जानकारी दी है। इसी वार्ड के घुटरापारा में बूढ़ी दाई मंदिर के पास रहने वाले कल्लू गुप्ता के घर में घुसे चोरों ने 30 हजार रुपये नगद व सोने-चांदी का जेवरात पार कर दिया। घर स्वामी सपरिवार शादी समारोह में शामिल होने के लिए 10 दिन पहले बनारस उत्तर प्रदेश गए थे। छह-सात दिसंबर की दरम्यानी रात लगभग ढाई बजे बस से अंबिकापुर पहुंचे। ऑटो से जब वे घर आए तो पता चला कि मुख्य प्रवेश द्वार का चाभी वे भूल गए हैं। ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किए तो घर का दरवाजा खुला था। अंदर जाने पर पूरा सामान बिखरा मिला। चोरों ने आलमारी, दराज को क्षतिग्रस्त कर दिया था, वहीं एक अन्य कमरा अंदर से बंद था। ऐसे में अंदर किसी के होने की संभावना स्वजन जात रहे थे। इसकी जानकारी उन्होंने फोन करके भाई मुन्ना गुप्ता को दी। वार्ड पार्षद के साथ कोतवाली पहुंचकर उन्होंने घटनाक्रम की रिपोर्ट दर्ज कराई है। सूचना पर दोनों मकानों का पुलिस ने मौका मुआयना किया है और मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस के द्वारा कुछ संदेहियों को पकड़ा गया है, जिनसे पूछताछ कर रही है।


पत्नी का इलाज कराने गए थे, हो गई लाखों की चोरी
अरूण मेहता शहर के घुटरापारा के रहने वाले हैं। पत्नी का इलाज कराने बाहर गए थे, इस दौरान घर में ताला बंद था। सोमवार की सुबह पति-पत्नी लौटे तो घर का ताला टूटा था और सामान बिखरा पड़ा था। उन्होंने देखा कि आलमारी में रखे सोने-चांदी के करीब तीन लाख के जेवरात व 20 हजार रुपये गायब हैं। अरूण ने मामले की जानकारी कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच की। इसकी रिपोर्ट कोतवाली में दर्ज कराई गई है। पुलिस अज्ञात के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।


चोरी पर अंकुश लगाए पुलिस
चोरी के साथ आगजनी की बड़ी घटना सामने आने के बाद वार्ड पार्षद सतीश बारी ने पुलिस अधिकारियों से चोरों को जल्द से जल्द पकडऩे और कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने बताया कि 24 घंटे के अंतराल में चोरों ने तीन घरों को निशाना बनाया है। एक परिवार इलाज के लिए रांची गया था, दो अन्य मकान के स्वामी पारिवारिक आयोजन में बाहर गए थे। चोरी की वारदात के बाद घर में आग लगाने की घटना को पुलिस गंभीरता से ले ताकि लोग चैन की नींद ले सकें।

Categorized in: