लंबी दूरी तय करने में हेलमेट नहीं पहनना बन रहा मौत का सबब  

गिरजा ठाकुर
अंबिकापुर शहर के रिंग रोड में डिवाइडर से हुई तेज रफ्तार बाइक सवारों की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, साथी घायल हो गया, हादसे में मृत व घायल हेलमेट नहीं पहने थे। कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम हंसुली का संदीप कुमार पिता भउआ चेरवा 22 वर्ष रवि नामक व्यक्ति का पिकअप चलाने रोजाना गांव से अंबिकापुर आना-जाना करता था। घायल के मुताबिक रविवार को संदीप ग्राम करम्हा के रामपाल पिता स्व.लक्ष्मी प्रसाद 24 वर्ष के साथ अंबिकापुर में मोटरसाइकिल बनवाने आया था। मोटरसाइकिल बनने के बाद वह अपने अन्य दोस्तों के साथ दरिमा रोड में घुनघुट्टा नदी की ओर घूमने गया, इसके बाद रात लगभग साढ़े आठ बजे रिंग रोड से होते बौरीपारा तालाब की ओर जा रहे थे, इसी दौरान तेज रफ्तार में डिवाइडर से हुई टक्कर के बाद बाइक से काफी दूर जाकर सवार गिरे। दुर्घटना में संदीप की मौके पर मौत हो गई। पीछे बैठा ग्राम करम्हा निवासी रामपाल घायल हो गया। संजीवनी 108 की टीम ने इन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, यहां जांच के बाद चिकित्सक ने संदीप को मृत घोषित कर दिया, उसे सिर में गंभीर चोट आई थी। घटना की जानकारी मिलने पर स्वजन मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे। सोमवार को मृतक के शव का पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया है।  
जरहाडीह में रेलिंग से टकराई मोटरसाइकिल  
एक अन्य घटना में रविवार की शाम सात बजे बतौली थाना क्षेत्र के ग्राम जरहाडीह में तेज रफ्तार हीरो स्पलेंडर मोटरसाइकिल पुल के रेलिंग से टकरा गई। दुर्घटना में जशपुर जिले के बगीचा का रामवतार कोरवा पिता नइहर कोरवा 40 वर्ष व उसका चचेरा भाई राजकुमार कोरवा पिता संध्या कोरवा गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतौली लाया गया। सिर व अंदरूनी अंगों में गंभीर चोट लगने के कारण राजकुमार की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल रामवतार को मेडिकल कालेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर किया गया है।

Categorized in: