स्वजनों ने मृत्यु के बाद शरीर रचना विभाग को दी सूचना

अंबिकापुर। शहर के चोपड़ापारा निवासी वरिष्ठ नागरिक, समाजसेवी विजय पटेल 67 वर्ष का निधन होलीक्रॉस अस्पताल में रविवार की रात नौ बजे हो गया। स्वजन उनके शरीर को मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर के शरीर रचना विभाग के सुपुर्द आज मंगलवार को करेंगे। स्व.विजय चोपड़ा पूर्व में ही मेडिकल कॉलेज के शरीर रचना विभाग में मृत्यु उपरांत शरीर दान करने का घोषणा पत्र भरकर जमा कर चुके थे। इसमें उल्लेखित था कि किसी भी व्यक्ति को चाहे वह उत्तराधिकार या रिश्तेदार हो, उसे उनकी मृत्यु के बाद शरीर रचना विभाग को देने पर आपत्ति करने का कोई अधिकार नहीं होगा। इसका उपयोग अध्ययन-अध्यापन में किया जाएगा। पूर्व इच्छा अनुसार उनके शरीर को मेडिकल कॉलेज के सुपुर्द कर दिया गया है। देहदान की सारी पक्रिया उनके छोटे भाई की पत्नी रजनी पटेल द्वारा की गई। पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए उनके निवास पर रखा गया है। सरगुजा संभाग से मेडिकल कॉलेज के शरीर रचना विभाग को शरीर दान का यह दूसरा मामला है।


चोपड़ापारा निवासी विजय पटेल कांटे्रक्टर के साथ समाजसेवी व कुछ राजनैतिक पार्टियों से अपने जीवनकाल में संबद्ध रहे। किसी भी बात को मुखर होकर सामने रखने से वे पीछे नहीं हटते थे। पिछले कुछ दिनों से उनकी तबीयत खराब चल रही थी। रविवार की रात करीब 8.30 बजे उनकी अचानक तबीयत बिगड़ी। स्वजन उन्हें तत्काल शहर के होलीक्रॉस अस्पताल ले गए, यहां जांच के दौरान चिकित्सकों ने करीब नौ बजे मृत घोषित कर दिया। उनकी पूर्व इच्छा के अनुसार स्वजनों ने उनके मृत शरीर को मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर को देने का निर्णय लिया है, जिसकी वे मृत्यु पूर्व घोषणा कर चुके हैं। स्वजनों की सूचना पर मेडिकल कॉलेज के शरीर रचना विभाग की टीम उनके घर पहुंच कर सारी प्रक्रिया स्व.विजय पटेल के छोटे भाई निकुंज पटेल की पत्नी रजनी पटेल की मौजूदगी में पूर्ण की, जिसे उन्होंने अपने जीवनकाल में इसकी जिम्मेदारी सौंपी थी। पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए उनके निवास पर रखा गया है। आज मंगलवार को उनके शरीर को मेडिकल कॉलेज के शरीर रचना विभाग को सौंपा जाएगा।
जीवित अवस्था में की शरीर दान की घोषणा
मेडिकल कॉलेज में बच्चों के अध्ययन-अध्यापन के लिए विजय पटेल ने अपने जीवित अवस्था में ही शरीर दान करने का घोषणा पत्र भरा था। उनकी अंतिम इच्छा को उनके छोटे भाई निकुंज पटेल की पत्नी रजनी पटेल ने पूरा किया, जिनका नाम घोषणापत्र में उल्लेखित है। उन्होंने दो माह पूर्व एक सितंबर 2022 को ही देहदान की सारी प्रक्रिया पूर्ण की थी।
पत्नी सहित एक पुत्र व तीन पुत्री
स्व.विजय पटेल अपने पीछे पत्नी मधु पटेल, पुत्र अर्पित पटेल व तीन पुत्रियों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए। उनके पुत्र और बहू मुंबई में रहकर काम करते हैं। पिता के मौत की सूचना पर वे अंबिकापुर पहुंचे और अपने मृत पिता के घोषणा अनुसार उनके शरीर को मेडिकल कॉलेज के लिए दान देने की प्रक्रिया पूरी करते समय मौजूद रहे।
बयान
मेडिकल कॉलेज के शरीर रचना विभाग में शरीर दान का यह दूसरा मामला है। शोकाकुल परिवार के साथ हमारी संवेदनाएं हैं। पूरी इज्जत के साथ पुलिस और शरीर रचना विभाग की प्रक्रिया को पूरा कर शरीर को मेडिकल कॉलेज के बच्चों की पढ़ाई के लिए रखा जाएगा।
डॉ.रमनेश मूर्ति, डीन मेडिकल कॉलेज

Categorized in: