पुलिस ने 47 क्विंटल से अधिक 15 करोड़ रुपये के गांजा व अन्य नशे की सामग्री का पावर प्लांट में कराया नष्टीकरण

सूरजपुर। सरगुजा रेंज में जब्त 47 क्विंटल 33 किलो गांजा सहित अन्य नशीले पदार्थांे को पावर प्लांट के बॉयलर में डालकर बिजली का उत्पादन किया गया, जिससे करीब 4 मेगावॉट बिजली के उत्पादन का अनुमान है। रेंज में ऐसा पहली बार हुआ कि गांजा नष्टीकरण कर बिजली का उत्पादन किया गया हो। बाजार मूल्य के हिसाब से लगभग 12 से 15 करोड़ रुपये के मादक पदार्थों का नष्टीकरण किया गया है। पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज अजय कुमार यादव ने कहा पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए नशीली वस्तुओं को नष्ट किया गया, जिससे बिजली का उत्पादन हुआ है। आईजी ने कहा कि सरगुजा रेंज के विभिन्न जिले में अभियान चलाकर नशे के विरूद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। नशीले पदार्थ गांजा, ब्राउन शुगर, सीरप, कैप्सूल, अफीम, इंजेक्शन, टेबलेट जप्त किया गया। पुलिस द्वारा पकड़े गए नशे के जखीरे का नष्टीकरण किया गया। अभियान के तहत सरगुजा रेंज में 201 प्रकरणों में 47 क्विंटल 33 किलो गांजा, 30.44 ग्राम ब्राउन शुगर, 2390 नग सीरप, 13376 नग कैप्सूल, 350 ग्राम अफीम, 1432 नग इंजेक्शन, 3971 नग टेबलेट का नष्टीकरण इंदिरा पॉवर जैन प्राइवेट लिमिटेड गिरवरगंज नयनपुर में किया गया। नष्टीकरण के दौरान जलाए गए गांजे से बिजली का उत्पादन भी हुआ है।
ड्रग डिस्पोजल कमेटी की निगरानी
आईजी सरगुजा के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू ने नशीले पदार्थांे के नष्टीकरण को लेकर सारे इंतेजाम को पहले से ही दुरूस्त करा रखा था। सरगुजा रेंज के सभी जिले में नशे के विरुद्ध अच्छी कार्रवाई की गई है। मादक पदार्थों के नष्टीकरण के लिए रेंज स्तर पर तीन सदस्यीय हाई पावर ड्रग डिस्पोजल कमेटी बनाई गई है। मादक पदार्थों के नष्टीकरण की कार्रवाईी समिति के अध्यक्ष आईजी अजय कुमार यादव, सदस्य पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू, पुलिस अधीक्षक सरगुजा भावना गुप्ता व पुलिस अधीक्षक कोरिया त्रिलोक बंसल की उपस्थिति में बुधवार को किया गया। कफ सीरप की शीशियों और टेबलेट्स को जलाकर नष्ट किया गया, फिर जमीन पर गड्ढा खोदकर उसे मिट्टी से पाट दिया गया। इस दौरान प्लांट के जीएम प्रदीप शुक्ला, आईजी ऑफिस के रीडर लालसाय पैकरा, सुभाष ठाकुर, पीतांबर विश्वास, विकास सिंह, थाना प्रभारी सूरजपुर प्रकाश राठौर, रक्षित निरीक्षक भूपेंद्र कुर्रे, निरीक्षक जावेद मियांदाद सहित सरगुजा रेंज के कई पुलिस अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Categorized in: