क्षेत्रीय संगठन महामंत्री ने कहा-सरगुजा की पावन भूमि में संगठन के सर्वाधिक ऊर्जावान कार्यकर्ता
भाजपा की केंद्र व रमन सरकार ने जितना काम किया, भूपेश सरकार सोच नहीं सकती

अंबिकापुर। भाजपा कार्यालय में सरगुजा संभाग के प्रमुख पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल के मुख्य आतिथ्य, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय एवं सरगुजा संभाग प्रभारी संजय श्रीवास्तव के विशिष्ट आतिथ्य तथा पूर्व जनजाति आयोग राष्ट्रीय अध्यक्ष नंदकुमार साय एवं भाजपा जिला अध्यक्ष ललन प्रताप सिंह की उपस्थिति में हुई।
भाजपा पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने संत गहिरा गुरु व माता राजमोहिनी की तपोभूमि तथा मां महामाया को नमन करते हुए कहा कि सरगुजा की पावन भूमि में संगठन के सबसे अधिक ऊर्जावान, मजबूत और दिव्य कार्यकर्ता निवास करते हैं। स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव, काका लरंग साय, रेवती रमण मिश्र, शिवप्रताप सिंह, एनएन सिंह, पीएन त्रिपाठी, रविशंकर त्रिपाठी, देवेश्वर सिंह तथा सेवाराम अग्रवाल जैसे कई कार्यकर्ताओं के त्याग, तपस्या और बलिदान के कारण ही भाजपा आज स्वर्णिम काल में है। उन्होंने कहा मुगलों और अंग्रेजों के भारत में सैकड़ों वर्षों तक राज करने के कारण आई विकृति को सुधारने के लिए भाजपा को सत्ता में बार-बार लाना जरूरी है, क्योंकि भाजपा के लिए सत्ता मात्र साधन है, साध्य नहीं। हमारा लक्ष्य तो राष्ट्र का पुनर्निर्माण करना है। वसुधैव कुटुंबकम की भावना के साथ हम पूरे विश्व के स्वस्थ रहने की कामना करने वाले लोग हैं और पूरे राष्ट्र का नेतृत्व करने वाले प्रेरणादायी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमारी विचारधारा के प्रतिबिंब हैं। उन्होंने कहा कि आज कोई ऐसा घर नहीं है जहां भारतीय जनता पार्टी सरकार की योजनाओं के लाभार्थी न हों। केंद्र की मोदी सरकार व भाजपा की डॉ.रमन सरकार ने जितना काम किया है, भूपेश सरकार वह सोच भी नहीं सकती। आज छत्तीसगढ़ के लोग महसूस कर रहे हैं कि भूपेश सरकार लाकर उन्होंने गलती कर दी, जनता मन बना चुकी है कि अब उन्हें बीजेपी की सरकार बनाना है। संगठन के विस्तार पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यक्रम बूथ पर आयोजित होगा, तभी बूथ मजबूत होगा और पार्टी का विस्तार होगा। संगठन विस्तार के लिए नए लोगों को पार्टी से जोडऩे का कार्यक्रम तथा विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में पार्टी के लोगों की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित हो। प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने संगठनात्मक वृत्त लेते हुए कहा कि प्रत्येक बूथ पर पंच परमेश्वर तथा 25 सदस्यों को टीम संरचना खड़ी करना आवश्यक है, तभी हमारे बूथों का सशक्तिकरण अभियान सफल होगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ के प्रत्येक घर में केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ जरूर मिला होगा, इसकी सूची तैयार कर घर-घर संपर्क अभियान शुरू करने की आवश्यकता है।

Categorized in: