गिरजा ठाकुर
अंबिकापुर। शहर के प्रतीक्षा बस स्टैंड में लोगों की निरंतर आवाजाही और भीड़-भाड़ को चुनौती देते हुए चोर ने बुधवार की रात एक इलेक्ट्रानिक्स दुकान का एस्बेस्टस सीट को तोड़कर चोरी की वारदात को इत्मिनान से अंजाम दिया और जाते समय दुकान में आई लव यू सहित कुछ अन्य बातें लिखकर निकल गया। चोर ने दुकान से करीब दो लाख के सामानों की चोरी की है।
जानकारी के अनुसार प्रतीक्षा बस स्टैंड के पास अमर इंटरप्राइजेज नामक इलेक्ट्रानिक्स की दुकान है, जिसका संचालन गांधीनगर निवासी रतन यादव द्वारा किया जाता है। प्रतिदिन की भांति वह रात में दुकान बंद कर अपने घर चला गया था, आज सुबह दुकान पहुंचा तो दुकान के पीछे के कमरे में लगे एस्बेस्टस सीट का बड़ा हिस्सा टूटा देख उसके होश उड़ गए। दुकान के अंदर रखे कीमती सामान गायब थे। दुकान में कांउटर के पास लगे कंपनियों के साइन बोर्ड में स्केच से आइ लव यू, वीकेआर डीजे 108 लिखा हुआ था। दुकान संचालक ने जब दुकान में लगी सीसीटीवी को देखा तो उसमें एक नकाबपोश युवक दुकान में घुसता दिखाई दे रहा है, जो सीसीटीवी के कनेक्शन को बाद में निकाल दिया। घटना की शिकायत दुकान संचालक ने बस स्टैंड के पुलिस सहायता केंद्र में देने के बाद कोतवाली पुलिस को दी है। मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपराध दर्ज किया है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

Categorized in: