चेतावनी-मानक डेसिबल से अधिक आवाज में डीजे बजाने व तय समय पर बंद नहीं करने पर होगी कार्रवाई

अंबिकापुर। नवरात्रि, दशहरा एवं मिलाद-उन-नबी त्यौहार शांति एवं सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में मनाई जाएगी। त्यौहार के दौरान सुरक्षा, यातायात, पार्किंग सहित अन्य व्यस्थाओं की पर्याप्त उपलब्धता तथा आपसी सहयोग एवं सद्भावना बनाए रखने हेतु कलेक्टर कुन्दन कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नवरात्रि के दौरान पंडालों में दुर्गा मूर्ति स्थापना हेतु आयोजन समिति, दशहरा आयोजन समिति व मिलाद-उन-नबी त्यौहार हेतु संबंधित प्रतिनिधियों के द्वारा आवश्यक सुझाव दिए गए। जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा जारी 19 बिंदुओं के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने कहा गया। दुर्गा पूजा में दौरान डीजे का साउंड मानक डेसिबल से अधिक तथा रात्रि 10 बजे से अगले दिन प्रात: छह तक साउंड सिस्टम व डीजे बजाना पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा। उल्लंघन करने पर बिजली कनेक्शन काटने व कोलाहल अधिनियम के तहत कार्रवाई होगी। इस बार शहर में 20 आयोजन समिति द्वारा पंडालों में दुर्गा मूर्ति स्थापित की जाएगी। बीस सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष अजय अग्रवाल ने कहा कि विगत 30-32 वर्ष से दशहरा में पीजी कॉलेज मैदान में रावण दहन का कार्यक्रम आयोजित होते आ रहा है। इस अवसर पर शैला नृत्य व मानस गायन प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है एवं पुरस्कृत भी किया जाता है। पीजी कॉलेज मैदान में रावण दहन कार्यक्रम के दौरान वाहन पार्किंग व आवागमन को व्यवस्थित कराना सबसे बड़ी चुनौती होती है। महापौर डॉ.अजय तिर्की ने नगर निगम क्षेत्र के सड़कों की मराम्मत का कार्य शीघ्र कराने की बात कही। उन्होंने पांच अक्टूबर को यातायात व भीड को नियंत्रित करने अवश्यक व्यवस्था रखने कहा। नौ अक्टूबर को मिलाद-उन-नबी त्यौहार मनाने के संबंध में दानिश रफीक ने बताया कि करीब आठ बजे श्रीगढ़ से जुलूस निकाला जाएगा, जो कला केंद्र मैदान में संपन्न होगा। बैठक में पूर्व विधायक रजनी त्रिपाठी, नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष प्रबोध मिंज, पार्षद द्वितेंद मिश्रा, आलोक दुबे, जिला पंचायत के सीईओ विनय कुमार लंगेह, नगर निगम आयुक्त प्रतिष्ठा ममगई, अपर कलेक्टर तनुजा सलाम, अतिरिक्ति पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला, एसडीएम प्रदीप साहू, डॉ.जेपी श्रीवास्तव, अनिल सिंह मेजर, करता राम गुप्ता सहित समिति के अन्य सदस्य, आयोजन समिति के सदस्य एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
प्रशासन के निर्देशों का पालन करने वाले होंगे पुरस्कृत
कलेक्टर कुन्दन कुमार ने कहा कि दुर्गा पूजा, दशहरा व मिलाद-उन-नबी त्यौहार के दौरान यातायात व डीजे की साउंड की समस्या ज्यादा चुनौती रहेगी। यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने प्रशासन का पूरा प्रयास रहेगा। डीजे बजाने पर आयोजकों को भी जिम्मेदारी लेनी होगी। तेज आवाज से कई लोगों को समस्या होती है इसको ध्यान में रखना होगा। समिति के सदस्य युवाओं की बैठक लेकर उन्हें समझाइश दें कि प्रशासन के नियमों को न तोड़ें। उन्हें सामाजिक दायित्व का अहसास कराएं। उन्होंने कहा आयोजक सुरक्षा की दृष्टि से सभी दुर्गा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगवाएं तथा पंडालों में प्रवेश व निर्गम के लिए अलग-अलग द्वार रखें। प्रशासन के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन करने वाले आयोजन समितियों को पुरस्कृत किया जाएगा।

ज्यादा भीड़ वाले 12 पॉइंट का चिन्हांकन

पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान शहर के ज्यादा भीड़ वाले 12 पॉइंट का चिन्हांकन किया गया है जहां 200 से ज्यादा पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। इसी प्रकार छह प्रमुख मार्गों पर पुलिस की पेट्रोलिंग भी रहेगी। इसके साथ ही कुछ मार्गों को वन-वे भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नियमों का कड़ाई से पालन करें, उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Categorized in: