छात्रों को बांटे गए आयुष्मान कार्ड, कहा-ईलाज के लिए सरकार द्वारा दी जा रही सुविधा का लाभ लें

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री टीएस सिंहदेव शुक्रवार को आयुष्मान भारत योजना अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग विभाग द्वारा आयोजित साइकिल रैली में शामिल हुए। उन्होंने रैली में करीब दो किलोमीटर साइकिल चलाकर आयुष्मान कार्ड बनवाने लोगों को प्रोत्साहित किए। रैली अंबिकापुर के मणीपुर स्कूल से प्रारंभ होकर शासकीय बहुउद्देश्यीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्रांगण में संपन्न हुई। रैली के पश्चात शासकीय बहुउद्देश्यीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में अतिथियों ने छात्र-छात्राओं को आयुष्मान कार्ड का वितरण किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि लोगों को स्वस्थ्य रहने व शारीरिक फिटनेस के प्रति जागरूक करने के लिए साइकिल रैली निकाली गई। कोई बीमार नहीं पडऩा चाहता, लेकिन जब कोई बीमार पड़ जाता है तो कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है। लोगों को बीमारी के ईलाज की सुविधा देने के लिए सरकार आयुष्मान कार्ड बनाकर दे रही है। जब सरकार आयुष्मान कार्ड के जरिए सबके लिए ईलाज की व्यवस्था कर रही है तो इसे बनवाने में पीछे न रहें। हर व्यक्ति के पास अनिवार्य रूप से आयुष्मान कार्ड होना चाहिए। वर्तमान में एक रुपये प्रति किलोग्राम चावल प्राप्त करने वाले राशनकार्ड धारियों के लिए पांच लाख तक तथा अन्य राशन कार्ड धारियों के लिए 50 हजार रुपये तक के ईलाज हेतु आयुष्मान कार्ड प्रत्येक व्यक्ति का बनाया जा रहा है। प्रदेश में करीब 58 लाख परिवारों के लिए पांच लाख रुपये तक के ईलाज की व्यवस्था की जा रही है। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य राकेश गुप्ता, पार्षद शैलेंद्र सोनी एवं प्रमोद चौधरी सहित स्थानीय जन प्रतिनिधि, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा काफी संख्या में स्कूली बच्चे उपस्थित थे।
हेल्थ कार्ड बनाने की दिशा का पहला चरण आयुष्मान कार्ड  
स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा यूनिवर्सल हेल्थ केयर के तहत आयुष्मान कार्ड को हेल्थ कार्ड के रूप में पहचान पत्र बनाने की दिशा में कार्य करने पर विचार किया जा रहा है। हेल्थ कार्ड में व्यक्ति की पूर्व इलाज की पूरी जानकारी संग्रहित रहेगी। प्रत्येक हेल्थ कार्डधारी का अपना पासवर्ड रहेगा, जिसको स्वयं ऑनलाइन खोल सकेंगे और देश के किसी भी अस्पताल में ईलाज कराने पर पूर्व ईलाज की पूरी जानकारी मिल जाएगी। हेल्थ कार्ड बनाने की दिशा में आयुष्मान कार्ड पहला चरण है, इसलिए सबसे पहले सभी आयुष्मान कार्ड बनवाएं।
ईलाज की सीमा 10 लाख करने पर विचार
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा वर्तमान में आयुष्मान कार्ड, डॉ.खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना तथा मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के माध्यम से ईलाज की व्यवस्था की जा रही है। पांच लाख तक के ईलाज की सीमा को सभी के लिए 10 लाख रुपये तक करने पर भी विचार किया जा रहा है। इससे गंभीर से गंभीर बीमारी में ईलाज दौरान पीडि़त के स्वजनों को राहत मिलेगी।
आयुष्मान कार्ड बनवाने करें प्रोत्साहित-आदित्येश्वर
जिला पंचायत उपाध्यक्ष आदित्येश्वर शरण सिंहदेव ने कहा कि वर्तमान में बीपीएल परिवार को पांच लाख तक तथा मुख्यमंत्री विशेष सहायता योजना अंतर्गत गंभीर बीमारी की ईलाज के लिए 20 लाख तक की व्यवस्था है। सभी अपना आयुष्मान कार्ड बनवाएं, इससे ईलाज कराने में लोगों को आसानी होगी। उन्होंने कहा कि लोगों को आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए प्रोत्साहित करें।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ पीएस सिसोदिया ने कहा कि आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए नगर निगम के सभी वार्डों में शिविर लगाए जा रहे है। अब तक जिले में 57 प्रतिशत लोगों ने आयुष्मान कार्ड बनवाया है।

Categorized in: