छत्तीसगढ़ से सौ कांग्रेस कार्यकर्ता पांच दिनों तक राहुल गांधी के साथ रहेंगे

पदयात्रा की रूपरेखा बताने यात्रा के संयोजक टीएस सिंहदेव ने ली वर्चुअल बैठक

अंबिकापुर। सात सितंबर से शुरू हो रही भारत जोड़ो यात्रा में कांग्रेस कार्यकर्ता एक-एक घरों में जाकर बढ़ती महंगाई और केंद्र सरकार की नाकामियों को बताएंगे। छत्तीसगढ़ के लिए यात्रा का संयोजक प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंह देव को बनाया गया है। कन्याकुमारी से प्रारंभ हो रही डेढ़ सौ दिन की पदयात्रा में छत्तीसगढ़ से सौ कांग्रेस कार्यकर्ता पांच दिनों तक राहुल गांधी के साथ शामिल होंगे।

यात्रा के प्रदेश संयोजक एवं स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंह देव ने वर्चुअल माध्यम से सरगुजा के  कांग्रेस जनों की बैठक ली और जिले में वृहद पदयात्रा का रोड मैप तैयार करने के लिए निर्देशित किया है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा हेतु सात सितंबर को शाम पांच बजे से  सभी ब्लॉक मुख्यालयों में एक आमसभा का आयोजन किया जाएगा। कांग्रेसजन वीडियो कांफ्रेंसिंग से कन्याकुमारी में यात्रा के शुभारंभ कार्यक्रम से जुड़ेंगे। आठ सितंबर को सुबह सात बजे से पदयात्रा शुरू होगी। पहले दिन प्रत्येक ब्लॉक में 10 से 15 किलोमीटर की पदयात्रा होगी। यात्रा के दौरान पंपलेट और आडियो, वीडियो संदेश के माध्यम से केंद्र सरकार की नाकामियों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। कांग्रेस की पदयात्रा प्रत्येक मतदान केंद्र, प्रत्येक घर तक पहुंचेगी। इसके लिए जिला, ब्लॉक, मंडल, जोन और सेक्टर प्रभारी बनाकर उन्हें जिम्मेदारी दी जानी है। यात्रा दो पालियों में सुबह सात बजे से 10:30 तक और अपराह्न तीन बजे से साढ़े छह बजे तक  होगी। 75 दिन में प्रदेश के सभी पोलिंग बूथ तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है। वर्चुअल मीटिंग में सीजीएमएससी के अध्यक्ष डॉ.प्रीतम राम, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ.जेपी श्रीवास्तव, महामंत्री द्वितेंद्र मिश्रा, महापौर डॉ.अजय तिर्की, जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष मधु सिंह, ब्लॉक अध्यक्षगण मार्तण्ड प्रताप सिंह, हेमन्त सिन्हा, विनय शर्मा बंटी, राजनाथ सिंह, बलराम यादव, तिलक बेहरा, पालू गुप्ता, कृपा गुप्ता, मो.यूनुस, वायुश्री सिंह, जिला महामंत्री सैय्यद अख्तर, प्रवक्ता अनूप मेहता, आशीष वर्मा, गुरप्रीत सिद्धु, शैलेंद्र प्रताप सिंह, पार्षद सतीश बारी, मधु दीक्षित, विष्णु सिंहदेव, दिनेश शर्मा, सोहेल अली सहित अन्य शामिल थे।

राहुल के साथ छग की मिट्टी, पानी, पौधे लेकर चलेंगे

राहुल गांधी की अगुआई में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान सुरक्षा कारण से सिर्फ तीन सौ लोग चलेंगे, जिनमें से स्थायी साथी रहेंगे। एक सौ उस राज्य के होंगे जहां से पदयात्रा गुजरेगी, जबकि एक सौ लोग उन राज्य के होंगे जो यात्रा के मार्ग से छूट गए हैं। छत्तीसगढ़ के कांग्रेसी संभवत: मध्यप्रदेश में यात्रा में शामिल होंगे। वे अपने साथ यहां की प्रमुख नदियों का जल, मिट्टी और पौधे लेकर चलेंगे, जिसे यात्रा के मार्ग में रोपित किया जाएगा।

टीएस हर माह सरगुजा में करेंगे पदयात्रा

करीब पांच महीने तक चलने वाली भारत जोड़ो यात्रा के दौरान स्वस्थ्य मंत्री टीएस सिंह देव हर महीने में कुछ दिन पदयात्रा में सम्मिलित होंगे। उन्होंने कहा यात्रा का मकसद केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों और महंगाई की विभीषिका को लोगों तक पहुंचाना और पोलिंग बूथ तक कांग्रेस को मजबूत करना है। देश भर में यात्रा की एकरूपता बनी रहे, इसके लिए प्रचार सामग्री तैयार की गई है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी लोकल मुद्दों को भी शामिल कर सकती है।

Categorized in: